खंडवा जिले के ग्राम मालगांव टेमी में एक इलेक्ट्रॉनिक और हार्डवेयर की दुकान में रविवार रात अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान में रखा सारा सामान और करीब 10 हजार प्याज के खाली कट्टे जलकर खाक हो गए। इस भीषण आग की वजह से व्यापारी को करीब 10 से 12 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग के दौरान ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर अपने स्तर पर आग बुझाई । वहीं, ग्रामीणों ने दमकल विभाग पर करीब ढाई घंटे देरी से पहुंचने का आरोप भी लगाया है।
4-5 महीने पहले ही शुरू किया था व्यवसाय
पीड़ित व्यापारी राजेश पटेल (पिता भगवान पटेल) ने बताया कि उन्होंने अपने पेट पालन के लिए करीब 4-5 महीने पहले ही यह दुकान खोली थी। दुकान में इलेक्ट्रॉनिक, बिजली और नल-फिटिंग (पाइप, कॉपर वायर, पंखे, कूलर आदि) का सामान था। इसके अलावा उन्होंने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए खंडवा से 10 हजार प्याज के खाली कट्टे खरीद कर रखे थे, जिन्हें वे बेचने वाले थे। इसी बीच रविवार रात दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बता दें कि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें
ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर बुझाई आग
गांव के सरपंच लिमड़ा गाठे और ग्रामीण नवीन पटेल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गांव वालों ने बाल्टियों से पानी डाल-डालकर अपनी सूझबूझ से आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी थी।
'समय पर आती दमकल तो बच जाता सामान'
इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और फायर ब्रिगेड के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीण नवीन पटेल का सीधा आरोप है कि फोन लगाने के बावजूद दमकल वाहन करीब दो से ढाई घंटे की देरी से पहुंचा। यह पूरी तरह से प्रशासन की नाकामी है। वहीं, सरपंच और अन्य ग्रामीणों का भी कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर पहुंच जाती, तो व्यापारी का काफी सामान जलने से बचाया जा सकता था। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।