गुना जिले की जामनेर तहसील के मुख्य मार्ग पर गौवंश के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और समाज के वरिष्ठ लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। संबंधित व्यक्ति से माफी मंगवाई गई और भविष्य में इस तरह का व्यवहार नहीं करने की समझाइश दी गई।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। रात के समय ट्रैफिक कम होने के कारण मुख्य मार्ग पर अक्सर आवारा गौवंश सड़क पर बैठ जाता है। इसी दौरान एक गाय सड़क पर बैठी थी। तभी वहां एक पिकअप वाहन आकर रुका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप से एक व्यक्ति नीचे उतरा और सड़क पर बैठी गाय को हटाने के लिए उसे लात मार दी। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाय को हाथ के इशारे या शांतिपूर्वक तरीके से भी सड़क से हटाया जा सकता था। इस तरह का व्यवहार उचित नहीं था। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति जामनेर का स्थानीय निवासी नहीं है। वह बाहर से यहां एक दुकान का शटर लगाने के काम के लिए आया था।
पढ़ें: इंटर्न डॉक्टरों की मांग पर बड़ा फैसला, अब हर महीने मिलेगा 21,500 रुपये स्टाइपेंड
CCTV वीडियो सामने आने के बाद घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और हिंदू समाज के लोगों तक पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि हिंदू धर्म में गाय को पूजनीय माना जाता है, इसलिए गौवंश के साथ इस तरह का व्यवहार लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और समाज के वरिष्ठ लोगों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को बुलाकर गौवंश के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता से व्यवहार करने की समझाइश दी।
अपनी गलती स्वीकार करते हुए संबंधित व्यक्ति ने मौके पर मौजूद लोगों से माफी मांगी और भविष्य में गौवंश के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करने की बात कही। इसके बाद लोगों ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया और मामला शांत हो गया। फिलहाल मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों ने अपील की है कि सड़क पर बैठे बेजुबान जानवरों को हटाते समय उनके साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और हिंसा के बजाय शांतिपूर्वक उन्हें सड़क से हटाया जाए।