भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्तों की मिठास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं लेकिन मध्यप्रदेश के बैतूल में एक ऐसा अनूठा मंदिर भी है, जहां भाई दूज का पर्व विशेष धार्मिक मान्यता के साथ मनाया जाता है। खेड़ी घाट पर ताप्ती नदी के पावन तट पर स्थित इस मंदिर को सूर्य परिवार मंदिर कहा जाता है। स्थानीय लोग इसे भाई-बहन का मंदिर भी कहते हैं।
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां सूर्य देव की चार संतानों के एक साथ दर्शन होते हैं। मंदिर में न्याय के देवता शनिदेव और मृत्यु के देवता यमराज विराजमान हैं तो वहीं उनकी बहनें मां ताप्ती और मां यमुना भी मौजूद हैं। इस तरह एक ही मंदिर में भाई-बहन के इस दिव्य परिवार के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र हैं।
यमराज और यमुना से जुड़ी है भाई दूज की परंपरा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भाई दूज यानी यम द्वितीया का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसी दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को घर आमंत्रित कर उनका आदर-सत्कार किया था। यमराज ने प्रसन्न होकर अपनी बहन को वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक लगवाएगा और उसके हाथों से सत्कार प्राप्त करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से भाई दूज पर बहन के घर जाकर तिलक लगवाने और भाई की लंबी उम्र की कामना करने की परंपरा प्रचलित हुई।
ये भी पढ़ें: उज्जैन: महापौर ने सरेआम लगाया चूना...! वीआईपी कल्चर छोड़ अपनी तीस साल पुरानी दुकान पर लोगों को खिलाया पान
ताप्ती में स्नान और सूर्य परिवार के दर्शन का महत्व
इसी धार्मिक मान्यता के चलते बैतूल के सूर्य परिवार मंदिर में भाई दूज का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भाई-बहन एक साथ ताप्ती नदी में स्नान करते हैं और मंदिर में पूजा-अर्चना कर यमराज तथा शनिदेव से रक्षा की कामना करते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस अवसर पर पूजा करने से यम बाधाओं से मुक्ति मिलती है, अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहती है।
सुबह से पहुंचने लगते हैं श्रद्धालु
भाई दूज के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। कोई अपने भाई के साथ ताप्ती नदी में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचता है, तो कोई मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगता है। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते और पौराणिक परंपरा से जुड़ी आस्था का अनूठा केंद्र है।
देशभर में जहां भाई दूज पर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना करती हैं, वहीं बैतूल के इस मंदिर में यमराज और शनिदेव के साथ उनकी बहनों मां ताप्ती और मां यमुना के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है। यही वजह है कि भाई दूज पर सूर्य परिवार मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। ताप्ती नदी की लहरों के बीच आस्था की डुबकी और मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यहां भाई-बहन के अटूट प्रेम और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।