{"_id":"6aed94d8ce66ecd6ab08cbf8","slug":"video-mandi-tobacco-free-youth-campaign-40-launched-2026-11-06","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी में तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 शुरू, 60 दिन तक चलेगा जागरूकता और प्रवर्तन अभियान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी में तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 शुरू, 60 दिन तक चलेगा जागरूकता और प्रवर्तन अभियान
Ankesh Dogra
Updated Fri, 06 Nov 2026 02:20 PM IST
Link Copied
जिला मंडी में युवाओं को तंबाकू और निकोटीन की लत से बचाने के उद्देश्य से 60 दिवसीय तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सेरी मंच मंडी से अभियान की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 26 दिसंबर, 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन के सेवन से दूर रखना और जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों को तंबाकूमुक्त बनाना है। इसके लिए अगले दो महीनों तक जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन गतिविधियां भी तेज की जाएंगी।
अपूर्व देवगन ने कहा कि अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों को तंबाकूमुक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक शिक्षण संस्थान की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग और संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से काम करेंगी। उन्होंने स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों से भी अपने परिसरों को तंबाकूमुक्त बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष जिला मंडी ने तंबाकूमुक्त युवा अभियान के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं। उस दौरान जिले के 1,049 शिक्षण संस्थानों और 68 गांवों को तंबाकूमुक्त घोषित किया गया था।
इस वर्ष जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकूमुक्त बनाने के साथ-साथ तंबाकूमुक्त गांवों की संख्या में कम से कम 50 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों को भी तंबाकूमुक्त बनाने पर जोर रहेगा। जिला और खंड स्तर पर गठित टीमें नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाएंगी।
रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और वॉकाथॉन से फैलाया जाएगा संदेश
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरियां, मैराथन और सोशल मीडिया गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आने वाले दिनों में मंडी में वॉकाथॉन भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन युवाओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि इसकी शुरुआत अक्सर किशोरावस्था में होती है। तंबाकू और निकोटीन की लत आगे चलकर अन्य नशीले पदार्थों के सेवन का जोखिम भी बढ़ा सकती है। इसलिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के प्रत्येक सदस्य को युवाओं को इससे दूर रखने के लिए जागरूक रहना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू सेवन और बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी। तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी तंबाकू के दुष्प्रभावों और नियंत्रण को लेकर जन-जागरूकता फैलाने में सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आईटीआई के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।