आतिशबाजी और खुशियों के बीच दीपावली का जश्न: पूर्व राष्ट्रपति कोविंद से मिले पीएम, दिवाली की शुभकामनाएं दीं
दिवाली के त्योहार को देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। देशभर में उत्सव का माहौल है। मंदिरों से लेकर ऐतिहासिक इमारतों और शहरों के प्रमुख चौराहों तक हर जगह रोशनी और सजावट देखने को मिल रही है। अयोध्या के राम मंदिर से लेकर दिल्ली, जयपुर और श्रीनगर तक दीपोत्सव की रौनक छाई है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और दुनिया के कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं से लेकर सेना के जवानों तक हर कोई अपने-अपने अंदाज में त्योहार मना रहा है। देशभर में दिवाली कैसे मनाई जा रही है और कहां से कैसी तस्वीरें सामने आई हैं? पढ़िए अपडेट्स-
लाइव अपडेट
कार्तिगई दीपम उत्सव से पहले रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया अरुणाचलेश्वर मंदिर
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई स्थित प्रसिद्ध अरुणाचलेश्वर मंदिर को कार्तिगई दीपम उत्सव से पहले रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिर के सभी नौ विशाल गोपुरम आकर्षक रोशनी से जगमगा रहे हैं। रात के समय मंदिर का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। मंदिर प्रशासन की ओर से की गई यह सजावट उत्सव के समापन तक जारी रहेगी। 8 नवंबर को मंदिर की रोशनी से सजी तस्वीरें सामने आईं। कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का प्रमुख धार्मिक उत्सव है, जिसके लिए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।पुदुचेरी में मुस्लिम परिवारों ने भी मनाई दिवाली
पुदुचेरी में दिवाली का त्योहार आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुस्लिम परिवारों ने भी दिवाली के जश्न में हिस्सा लिया। परिवारों ने पटाखे फोड़कर त्योहार की खुशियां मनाईं। सामने आई तस्वीरों में मुस्लिम परिवारों के सदस्य दिवाली के मौके पर आतिशबाजी करते दिखाई दिए। इस दौरान लोगों ने त्योहार का आनंद लिया।#WATCH | Muslim families in Puducherry celebrate Diwali by bursting crackers. (08.11) https://t.co/L0zJkameWJ
— ANI (@ANI) November 8, 2026
दिवाली पर दुनिया के नेताओं ने दी शुभकामनाएं
दिवाली के मौके पर कनाडा, फ्रांस, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दिवाली को उम्मीद और उदारता का संदेश बताया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी और अंग्रेजी में बधाई दी। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने नफरत की जगह दया और बंटवारे की जगह साथ रहने का संदेश दिया। वहीं, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। वेनेजुएला में भी दिवाली समारोह आयोजित हुआ।थाईलैंड में 27 दिनों तक मनेगी दिवाली, प्रधानमंत्री अनुतिन ने बैंकॉक में किया भव्य उत्सव का उद्घाटन
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने रविवार को अमेजिंग थाईलैंड ग्रैंड दिवाली फेस्टिवल 2026 का उद्घाटन किया। यह भारत के बाहर सबसे लंबे समय तक चलने वाला दिवाली उत्सव है। नवंबर में 27 दिनों तक थाईलैंड के अलग-अलग हिस्सों में इसका आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह में भारतीय शास्त्रीय नृत्य कुचिपुड़ी की प्रस्तुति भी दी गई। इस आयोजन में भारतीय दूतावास, थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण और भारतीय समुदाय के संगठन शामिल हैं। वहीं, अमेरिका के सैन एंटोनियो में भी दिवाली पर भव्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू ने यूपीएससी अभ्यर्थियों के साथ मनाई दिवाली, चाय पर की बातचीत
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने दिवाली की शाम ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ बिताई। उन्होंने उन छात्रों से मुलाकात की, जो अपनी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए त्योहार पर भी दिल्ली में रुके हुए थे। संधू ने एक स्थानीय चाय की दुकान पर अभ्यर्थियों के साथ चाय पी और मिठाइयां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उनकी तैयारी, भविष्य की उम्मीदों और सिविल सेवा परीक्षा की चुनौतियों पर बातचीत की। संधू ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें और अनुभव साझा किए।
तेलंगाना सीएम ने इंदिराम्मा आवास योजना के लाभार्थियों के साथ मनाई दिवाली
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को दिवाली मनाई। उन्होंने विकाराबाद जिले के कोडंगल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान सरकार की 'इंदिराम्मा' आवास योजना के लाभार्थियों के साथ त्योहार मनाया।मुख्यमंत्री ने कोडंगल के परसापुर गांव में एक लाभार्थी के नवनिर्मित इंदिराम्मा आवास का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने उसी घर में दोपहर का भोजन भी किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार, मंत्री और अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने भी शादनगर विधानसभा क्षेत्र में इंदिरम्मा आवास योजना के लाभार्थियों के साथ दिवाली मनाई।
दुनियाभर के दूतावासों ने भारत के साथ मनाया रोशनी का पर्व
भारत और दुनिया भर में रविवार को लोग दीपावली का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों ने भी लोगों को रोशनी के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
भारत में स्थित ग्रीस के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर दीपावली की बधाई देते हुए अपने समारोह की कुछ झलकियां भी साझा कीं।
दूतावास की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में ग्रीक राजनयिकों ने दीपावली से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। उनसे उनकी पसंदीदा दीपावली मिठाई, भारत में उनकी सबसे यादगार दीपावली और ऐसी कौन-सी दीपावली परंपरा है जिसे वे अपने देश ले जाना चाहेंगे, जैसे सवाल पूछे गए।
एक राजनयिक ने कहा, हमारे सभी भारतीय दोस्तों के लिए मेरी दीपावली की शुभकामना है कि आपकी जिंदगी काजू बर्फी की तरह मीठी हो। शुभ दीपावली।
एक अन्य राजनयिक ने कहा, मैंने दीपावली के बारे में एक बात सीखी है कि रोशनी सिर्फ मनाने की चीज नहीं है, बल्कि इसे दूसरों के साथ बांटने का एक तरीका भी है। अगर रोशनी लोगों को जोड़ सकती है, तो उसकी कोई सीमा नहीं होती।
यूरोपीय संघ के भारत स्थित प्रतिनिधिमंडल ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी दीपावली के अवसर पर लोगों को बधाई दी। भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने भी दीपावली का उत्सव मनाया।
फिलिप ग्रीन की ओर से 'एक्स' पर साझा की गई तस्वीरों में दूतावास के अधिकारी पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आए और उत्साह के साथ नृत्य करते दिखे।
ग्रीन ने लिखा, सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। उच्चायोग परिवार के साथ दीपावली मनाना हमेशा खास होता है। इस बार यह और भी विशेष है क्योंकि भारत में उच्चायुक्त के रूप में यह मेरी आखिरी दीपावली है। यह दिन गर्मजोशी, त्योहार की खुशियों और ढेर सारे नृत्य से भरा यादगार दिन रहा।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, हमारे उच्चायोग के दीपावली समारोह की कुछ और झलकियां। रंगों, रोशनी, हंसी और त्योहार की खुशियों से भरा दिन, जब हमारा पूरा उच्चायोग परिवार रोशनी के इस पर्व को मनाने के लिए एक साथ आया।
भारत में यूक्रेन के दूतावास ने भी दीपावली के मौके पर शुभकामनाएं दीं। 'एक्स' पोस्ट पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सेंडर पोलिशचुक ने कहा, नमस्ते और हैप्पी दीपावली। हम अपने सभी भारतीय मित्रों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं, खासकर उन भारतीयों को जो इन कठिन परिस्थितियों में यूक्रेन में हमारे साथ रह रहे हैं। दीपावली की रोशनी गर्मजोशी, उम्मीद, शांति और बेहतर दिनों का संदेश लेकर आए। रोशनी की जीत हो।
पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से की मुलाकात: परिवार को दीं दिवाली की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोविंद और उनके परिवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।पीएम मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्हें दिवाली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद पीएम मोदी पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर भी पहुंचे। उन्होंने आडवाणी को उनके जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दिवाली पर रोशनी से जगमगाया रांची
झारखंड की राजधानी रांची में दिवाली के मौके पर शहर की इमारतों और सड़कों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम होते ही शहर का नजारा रोशनी से जगमगा उठा।#WATCH | Jharkhand: Ranchi city illuminated with beautiful festive lights on the occasion of #Diwali https://t.co/hjFOa6Dm8U
— ANI (@ANI) November 8, 2026
तेलंगाना: उपमुख्यमंत्री विक्रमार्क ने गांव-गांव जाकर परिवारों के साथ मनाई दिवाली
तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने मधिरा विधानसभा क्षेत्र में 'मा इंदिरम्मा इंटिलो दीपावली' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान वह पांच मंडलों के कई गांवों में पहुंचे। उन्होंने गांव-गांव जाकर परिवारों के साथ दिवाली मनाई। इस मौके पर इंदिरम्मा इल्लू योजना के लाभार्थी भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम योजना के लाभार्थियों के घरों में दिवाली मनाने के लिए आयोजित किया गया था।#WATCH | Telangana Deputy Chief Minister Bhatti Vikramarka joined several families across five mandals, travelling from village to village, joining beneficiaries of the Indiramma Illu scheme in Madhira constituency, celebrating the ‘Maa Indiramma Intilo Deepavali’ programme. (Video: Office of Telangana Deputy CM)
— ANI (@ANI) November 8, 2026