{"_id":"6af3f93248eeb5a07b044a0c","slug":"video-kullu-regional-hospital-blood-component-separator-unit-license-2026-11-11","type":"video","status":"publish","title_hn":"कुल्लू अस्पताल को मिला ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट चलाने का लाइसेंस, एक रक्तदाता से चार मरीजों को मिलेगी मदद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुल्लू अस्पताल को मिला ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट चलाने का लाइसेंस, एक रक्तदाता से चार मरीजों को मिलेगी मदद
Ankesh Dogra
Updated Wed, 11 Nov 2026 10:42 AM IST
Link Copied
जिला कुल्लू के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब रक्त के अलग-अलग घटकों को पृथक करने की सुविधा मिलेगी। अस्पताल को ब्लड कंपोनेंट्स सेपरेटर यूनिट संचालित करने का लाइसेंस मिल गया है। इसके साथ ही वर्षों से लंबित इस सुविधा को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। यूनिट के शुरू होने से एक रक्तदाता के दान किए गए रक्त से चार अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकेगी।
अब तक क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में रक्त के विभिन्न घटकों को अलग करने की सुविधा नहीं थी। ऐसे में मरीजों को जरूरत के अनुसार रक्त के अलग-अलग कंपोनेंट्स उपलब्ध करवाने में सीमाएं थीं। नई यूनिट शुरू होने के बाद रक्त से रेड ब्लड सेल्स, व्हाइट ब्लड सेल्स, प्लेटलेट्स और प्लाज्मा को अलग किया जा सकेगा। इसके बाद मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार संबंधित कंपोनेंट चढ़ाया जा सकेगा। इससे रक्त की एक यूनिट का अधिक प्रभावी इस्तेमाल संभव होगा और मरीजों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भरता भी कम करनी पड़ेगी।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ब्लड कंपोनेंट्स सेपरेटर यूनिट स्थापित करने की कवायद वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। वर्ष 2020 से मशीनें पहुंचनी शुरू हुईं और वर्ष 2022 तक अधिकांश मशीनें स्थापित कर दी गई थीं। हालांकि, मशीनें स्थापित होने के बाद भी यूनिट का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। इसके लिए शेष उपकरणों की व्यवस्था, चिकित्सक का विशेष प्रशिक्षण और लाइसेंस सहित विभिन्न औपचारिकताएं पूरी करनी थीं। करीब तीन साल से अस्पताल प्रबंधन लाइसेंस मिलने का इंतजार कर रहा था। अब ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी दिल्ली से संचालन की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद यह इंतजार खत्म हो गया है।
यूनिट के संचालन के लिए अस्पताल के चिकित्सक को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसी आधार पर प्रशिक्षित चिकित्सक के नाम पर लाइसेंस जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार लाइसेंस मार्च 2030 तक वैध रहेगा। इसके बाद नियमानुसार इसका नवीनीकरण करवाना होगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब जल्द ही यूनिट का संचालन शुरू किया जाएगा।
ब्लड कंपोनेंट्स सेपरेशन की सुविधा अभी प्रदेश में आईजीएमसी शिमला, टांडा मेडिकल कॉलेज और जोनल अस्पताल मंडी में उपलब्ध है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भी यह सुविधा शुरू होने से जिला स्तर पर मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। विशेषकर उन मरीजों को राहत मिलेगी, जिन्हें उपचार के दौरान प्लेटलेट्स, प्लाज्मा या रक्त के अन्य विशेष घटकों की जरूरत पड़ती है।
डॉ. हीरा लाल बौद्ध ने बताया कि ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी दिल्ली की ओर से यूनिट के संचालन के लिए अंतिम स्वीकृति मिल गई है। अब जल्द ही इस सुविधा को शुरू किया जाएगा। यूनिट को स्थापित करने और संचालन की औपचारिकताएं पूरी करवाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
क्षेत्रीय अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सपना शर्मा ने कहा कि अस्पताल को ब्लड कंपोनेंट्स सेपरेटर यूनिट संचालन का लाइसेंस मिलना जिला कुल्लू के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके शुरू होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और रक्त के विभिन्न घटकों का जरूरत के अनुसार उपयोग किया जा सकेगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।