{"_id":"6aafa2d7c9586a19000fa527","slug":"video-chadhiar-under-19-girls-district-sports-jwalamukhi-volleyball-jawali-kabaddi-kho-kho-2026-09-20","type":"video","status":"publish","title_hn":"चढ़ियार में अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, वॉलीबॉल में ज्वालामुखी तो कबड्डी-खो-खो में ज्वाली चैंपियन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चढ़ियार में अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, वॉलीबॉल में ज्वालामुखी तो कबड्डी-खो-खो में ज्वाली चैंपियन
धार क्षेत्र चढ़ियार स्थित बक्शी प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में कांगड़ा जिले के 15 जोन से करीब 540 छात्राओं ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेलों के रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
वॉलीबॉल के फाइनल में ज्वालामुखी की टीम ने ज्वाली को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं कबड्डी के फाइनल मुकाबले में ज्वाली ने फतेहपुर की टीम को मात देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
खो-खो के फाइनल में भी ज्वाली की टीम का दबदबा रहा। ज्वाली ने शाहपुर को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस तरह ज्वाली की टीम ने कबड्डी और खो-खो दोनों खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
कुश्ती में फतेहपुर स्कूल की टीम ओवरऑल विजेता रही, जबकि हारचकियां स्कूल की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में मुख्यातिथि अनुराग शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के प्रदर्शन और उनके उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जिस ऊर्जा और जोश के साथ छात्राओं ने हिस्सा लिया है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जगाता है।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने इंदिरा गांधी, मीराबाई चानू और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसी महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि देश की बेटियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई है।
राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को उन्होंने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इस दौरान उन्होंने हिमाचल सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। मेजबान विद्यालय में रसायन विज्ञान प्रयोगशाला की मांग पर उन्होंने कहा कि अक्तूबर-नवंबर के बीच उन्हें चढ़ियार बुलाया जाएगा और उस दौरान इस मांग को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
उन्होंने चढ़ियार विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की मान्यता मिलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती की जा चुकी है।
चढ़ियार अस्पताल से जुड़े मुद्दे का भी उन्होंने उल्लेख किया और कहा कि अस्पताल के लिए सरकार की ओर से आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली छात्राएं और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।