छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम 19 हाथियों के दल को भारतमाला सड़क पार करते देखा गया। हाथियों की मौजूदगी के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हाथियों के दल का फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में 104 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 34 नर, 50 मादा और 20 शावक शामिल हैं। गुरुवार शाम धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज के तेजपुर परिसर में विचरण कर रहे 19 हाथियों के एक बड़े दल को सिसरिंगा गांव के पास भारतमाला सड़क पार करते देखा गया।
पढ़ें: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों का मौसम कैसा रहेगा?: रायपुर में गुलाबी ठंड शुरू, 24 घंटे में बदलाव के संकेत, पढ़ें
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही सड़क के दोनों तरफ लोगों की भीड़ जुट गई। इसके चलते इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों के पहिए काफी देर तक थमे रहे। हाथियों के सड़क पार करने के बाद ही मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने हाथियों के दल का फोटो और वीडियो बना लिया। ये दृश्य अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए अलर्ट किया है।