बालोद जिले के संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा तीज मिलन समारोह में किए गए अपने डांस को लेकर राजनीतिक चर्चा में आ गई हैं। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें विधायक महिलाओं के साथ एक फिल्मी गाने पर नृत्य करती नजर आ रही हैं।
वीडियो को लेकर भाजपा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कांग्रेस पर निशाना साधा गया। भाजपा की ओर से पोस्ट में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस शराबबंदी की बात करती है, लेकिन शराब से जुड़े गाने पर नृत्य कर रही है।
भाजपा ने संस्कृति और शराबबंदी को लेकर उठाए सवाल
भाजपा ने वीडियो को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तीज छत्तीसगढ़ का पारिवारिक और पारंपरिक पर्व है। भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि ऐसे आयोजन में शराब से जुड़े गाने पर नृत्य करना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि तीज जैसे पारिवारिक त्योहार में इस तरह के गीत पर नृत्य करना छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति के सम्मान के अनुरूप नहीं है।
विधायक बोलीं- बचपन याद कर मस्ती-मजाक किया
विवाद बढ़ने के बाद विधायक संगीता सिन्हा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उन्होंने बचपन की यादों को ताजा करते हुए मस्ती-मजाक के तौर पर डांस किया था। इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। विधायक ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को दूसरों के मामलों में ज्यादा ताक-झांक करने के बजाय अपने पार्टी संगठन पर ध्यान देना चाहिए।
भाजपा पर विधायक का पलटवार
संगीता सिन्हा ने कहा कि अगर महिलाएं किसी गाने पर मनोरंजन के लिए डांस कर रही हैं तो इसमें परेशानी क्या है। उन्होंने भाजपा की महिला एवं बाल विकास मंत्री के एक अन्य गाने पर किए गए नृत्य का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को पहले अपने पार्टी के नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर डालनी चाहिए।
दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज
विधायक के डांस के वीडियो के सामने आने के बाद तीज मिलन समारोह का राजनीतिक रंग चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा जहां इसे संस्कृति और शराबबंदी के मुद्दे से जोड़कर कांग्रेस पर हमला कर रही है, वहीं कांग्रेस विधायक इसे सामान्य मनोरंजन और महिलाओं के साथ आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा बता रही हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।