{"_id":"6ad074238fb9a1aaca052e75","slug":"newborns-death-at-manendragarh-220-bed-hospital-five-member-investigation-team-visits-familys-home-ambikapur-news-c-1-1-noi1560-4835477-2026-10-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"अस्पताल में नवजात की मौत का मामला: हाथ-पैर में फ्रैक्चर के आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने गठित की 5 सदस्यीय जांच टीम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अस्पताल में नवजात की मौत का मामला: हाथ-पैर में फ्रैक्चर के आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने गठित की 5 सदस्यीय जांच टीम
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल में नवजात शिशु की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। परिजनों की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचएमओ) डॉ. अविनाश खरे ने पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की है। जांच दल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और परिजनों से बातचीत कर उनकी शिकायत दर्ज की। अब टीम मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
प्रसव के बाद नवजात को किया गया रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर निवासी आमटी कुमार रवि ने 10 सितंबर 2026 को अपनी पत्नी को प्रसव के लिए मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद अस्पताल में बताया गया कि नवजात ने पानी पी लिया है। इसके बाद बच्चे को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया।
एक्स-रे में फ्रैक्चर मिलने का परिजनों का दावा
परिजनों का आरोप है कि अंबिकापुर में जांच के दौरान एक्स-रे में नवजात के दोनों पैरों और हाथ की हड्डियों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। इसके बाद बच्चे को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 4 अक्टूबर 2026 को उसकी मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पांच सदस्यीय टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएचएमओ डॉ. अविनाश खरे ने पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई है। जांच दल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनकी शिकायत सुनी और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। टीम अब उपलब्ध तथ्यों और शिकायत के आधार पर जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
वहीं, 220 बिस्तरीय अस्पताल के अधीक्षक स्वप्निल तिवारी के अनुसार, यदि जांच में उपचार के दौरान लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें
नवजात की मौत और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और उपचार के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं, यह रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले में किसी की जिम्मेदारी या लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।