सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर शहर की व्यस्त एमजी रोड लंबे समय से गड्ढों की समस्या से जूझ रही है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रविवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरगुजिहा लोकगीत “हाय रे सरगुजा नाचे, काल्थी-काल्थी मादर बाजे” की धुन पर नृत्य कर सड़क की समस्या की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि शहर की महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद इसकी मरम्मत को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
पढ़ें: नारायणपुर के जंगल में मिला नक्सलियों का हथियार डंप, 10 राइफल और 2 किलो विस्फोटक जब्त
बारिश में गड्ढों का पता लगाना मुश्किल
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन से एमजी रोड होकर शहर की ओर आने वाले लोगों को सड़क की खराब हालत के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंबिकापुर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दूसरे क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन से शहर की ओर आने वाली प्रमुख सड़क की ऐसी स्थिति शहर की व्यवस्था और छवि पर सवाल खड़े करती है।
मरम्मत में देरी पर उठाए सवाल
कार्यकर्ताओं ने कहा कि एमजी रोड के अलावा शहर के कई अन्य मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। लंबे समय से गड्ढों की समस्या बने रहने के बावजूद स्थायी सुधार नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग सड़क की समस्या को लेकर पर्याप्त तत्परता नहीं दिखा रहा है। लोकगीत और नृत्य के माध्यम से विरोध जताते हुए सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से एमजी रोड की तत्काल मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो बारिश के दौरान कोई गंभीर हादसा हो सकता है।