पटना जिले के बाढ़ स्थित अनुग्रह नारायण +2 उच्च विद्यालय, जिसे बेली हाईस्कूल के नाम से भी जाना जाता है, में इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब छात्रा द्वितीय सिटिंग की हिन्दी विषय की परीक्षा दे रही थी। छात्रा के अचानक गिरने से परीक्षा कक्ष में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
एनसीसी छात्राओं की तत्परता से मिली मदद
मौके पर मौजूद एनसीसी की छात्राओं ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ ही समय में एम्बुलेंस परीक्षा केंद्र पर पहुंची और बेहोश छात्रा को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल बाढ़ ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।
छात्रा की पहचान
बेहोश हुई छात्रा की पहचान बेलछी थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। एनसीसी छात्रा रन्वी कुमारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान गुड़िया को अचानक प्यास लगी और कमजोरी महसूस होने लगी। वह पर्यवेक्षिका से पानी भी नहीं मांग सकी और कुछ ही देर में बेहोश हो गई।
पढ़ें- Bihar News: नीट छात्रा हत्या के खिलाफ अल्पसंख्यक समुदाय का मौन जुलूस, न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग
डॉक्टरों ने क्या बताया?
अस्पताल में की गई प्रारंभिक जांच में अत्यधिक थकान, डिहाइड्रेशन और खाली पेट परीक्षा देने की आशंका जताई गई है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की स्थिति फिलहाल स्थिर है और आवश्यक जांच के बाद उपचार किया जा रहा है। परीक्षा केंद्र पर छात्रा के साथ कोई अभिभावक मौजूद नहीं था। हालांकि, उसी गांव के एक पड़ोसी ने परिजनों को छात्रा की तबीयत बिगड़ने की सूचना दे दी। छात्रा के चाचा अरुण राम ने बताया कि वह परीक्षा के दौरान बाढ़ में रिश्तेदार के यहां रुकी थी और सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंच गए हैं।