राजस्थान के उदयपुर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर 40 साल पुरानी अनूठी परंपरा निभाई गई। बड़गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में गोबर से करीब 12 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद गौशाला का मुख्य द्वार खोला गया। इसके साथ ही पटाखों की गूंज के बीच गायें तेजी से बाहर निकलीं और गोबर से बनाए गए गोवर्धन पर्वत के ऊपर से दौड़ती हुईं पार हुईं। इस अनूठे नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग पहुंचे। विदेशी पर्यटक भी इस परंपरा को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।
पटाखों की गूंज के बीच पर्वत के ऊपर से निकलीं गायें
उदयपुर के बड़गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में सोमवार सुबह से ही गोवर्धन पूजा को लेकर उत्सव का माहौल रहा। गौशाला के मुख्य द्वार पर गोबर से विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार किया गया। इसके सामने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की प्रतिमाएं भी बनाई गईं। महिलाओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इस दौरान बच्चों ने गोवर्धन पूजा के गीत गाए।
पढ़ें: जोधपुर में आग का तांडव, बासनी के कारखाने में चार-पांच घंटे तक धधकती रही; लाखों के नुकसान की आशंका
पूजा संपन्न होने के बाद यहां करीब चार दशक पुरानी परंपरा निभाई गई। गौशाला में पटाखे फोड़े गए और मुख्य द्वार खुलते ही गायें तेजी से बाहर की ओर दौड़ीं। इस दौरान गायों को गोबर से बनाए गए गोवर्धन पर्वत के ऊपर से निकाला गया। गायों को इस तरह पर्वत पार करते देख वहां मौजूद लोग उत्साहित नजर आए।
स्थानीय मान्यता है कि गायों को गोवर्धन पर्वत के ऊपर से निकालने से उन्हें रोग नहीं होते और उनका स्वास्थ्य अच्छा रहता है। आयोजन के दौरान गौक्रीड़ा भी हुई, जिसमें ग्वालों और ग्रामीणों ने गायों के साथ पारंपरिक खेलों में हिस्सा लिया।
40 साल से निभाई जा रही परंपरा
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं संस्था प्रमुख प्रफुल्ल भटनागर सहित अन्य वक्ताओं ने इस परंपरा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र में पिछले करीब 40 वर्षों से गोवर्धन पूजा के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। हर साल गोबर से विशाल गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है और विधि-विधान से पूजा के बाद गायों को उसके ऊपर से निकाला जाता है। इस आयोजन में मनीष मेहता, प्रोफेसर, विद्या भवन उदयपुर और कृषि वैज्ञानिक दीपक कुमार जैन सहित कई लोग मौजूद रहे। पशु चिकित्सक विनय दवे ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक सहित सभी कर्मचारी अपने परिवारों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। गोवर्धन पूजा के इस अनूठे आयोजन में मेवाड़ की परंपरा, लोक आस्था और गौसेवा की संस्कृति की झलक देखने को मिली। आयोजन के माध्यम से गौवंश की सुख-समृद्धि और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।