जिले के मावल ग्रोथ सेंटर स्थित मनोहर रोलिंग मिल के बॉयलर में आज सवेरे अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इससे आसपास के क्षेत्रों से लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने की कवायद शुरू की। घटना की सूचना मिलने पर आबूरोड रीको थाना के पुलिसकर्मी, नगर पालिका एवं गैल फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। करीब 1 घंटे की खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना से फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों के बीच हड़कंप मच गया और वे दौड़कर बाहर आ गए। आबूरोड रीको पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना देकर सहायता मांगी गई। उधर लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आबूरोड नगर पालिका फायरमैन मोहम्मद युनुस, कमलेश कुमार, पार्थ कुमावत, कमल कुमार, वाहन चालक शरद कुमार एवं चिराग परिहार कार्यालय की दो एवं गैल की 1 फायर ब्रिगेड के साथ पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने तक वहां रखा काफी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
आबूरोड के मावल ग्रोथ सेंटर में मंगलवार को लगी आग की घटना में तत्काल सहायता मिलने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा नुकसान बड़ा हो सकता था। गौरतलब है कि सिरोही जिले में आबूरोड सबसे बड़ा औद्योगिक शहर है, जहां स्टील, ग्रेनाइट, मार्बल एवं केमिकल साबित सैकड़ों की संख्या में फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं।