डांगियावास थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले को लेकर रविवार को मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
मामला सेवकी कला गांव निवासी महिपाल की हत्या से जुड़ा है, जो सालवा गांव में मोबाइल की दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार एक दिन दुकान में चोरी की घटना के बाद वह इस बारे में रिपोर्ट दर्ज करवाने की सोच रहा था। इसी दौरान वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में सालवा की सरहद में पहले से घात लगाए बैठे 5-6 युवकों ने उस पर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया। महिपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे मथुरादास माथुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन अंततः उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: जल पुर में बदला जयपुर, लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर जलभराव के कारण लगे लंबे जाम
मृतक महिपाल के परिजनों का कहना है कि उसका परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। ऐसे में सरकार से मांग की गई कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। मंडोर एसीपी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।