शहर में क्रिसमस के पर्व को बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसमें कैथोलिक चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं, प्रभु यीशु के जन्म की झांकियां, कैरोल गायन और रात में केक काटने जैसे कार्यक्रम होंगे। यहां ईसाई समुदाय प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देगा। इस दौरान चर्चों को रोशनी और सजावट से सजाया जा रहा है। आज से पूरे शहर में इस उत्सव का माहौल नजर आने लगेगा।
ये भी पढ़ें- सिंहस्थ-2028 की तैयारी के लिए उज्जैन में होटल विस्तार, मंत्री बोले-पर्यटन में नई ऊंचाई छू रहा प्रदेश
धर्मगुरु आर्चबिशप डॉ. सेबेस्टियन वडकेल ने बताया कि यह पर्व ईसाई समुदाय के लिए एक बड़ा उत्सव है, जो प्रभु यीशु के जन्म और उनके द्वारा दिए गए सेवा और परोपकार के संदेश को याद दिलाता है। इस त्यहार के दौरान क्रिसमस से कुछ दिन पहले से ही ईसाई समुदाय बैंड-बाजे और ढोल के साथ कैरोल गीत गाते हुए जुलूस निकालते हैं, जिसमें सांता क्लॉज की वेशभूषा में बच्चे भी शामिल होते हैं और प्रेम व शांति का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि देवास रोड स्थित कैथोलिक चर्च जैसे प्रमुख चर्चों को क्रिसमस पर विद्युत रोशनी और प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित झांकियों से सजाया गया है। 24 दिसंबर रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के लिए विशेष प्रार्थना सभाएं होती हैं, जिसके बाद केक काटकर शुभकामनाएं दी जाएंगी।
चर्च परिसर में सजी झांकियां
फादर एन्थोनी और फादर जोस पुल्लाट्ट पीआरओ आर्चडयोसीस, केथोलिक चर्च ने बताया कि मारिया नगर कैथोलिक चर्च परिसर में प्रभु यीशु के जन्म समय की झांकी देखने और सेल्फी लेने के लिए युवक-युवतियों में होड़ अभी से लगने लगी है। परिसर में घास-फूस से बनी झोपड़ी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। साथ ही गड़रियों, मंजूषियों और माता मरियम की गोद में बैठे प्रभु की सुंदर छवि को देखने के लिए लोगों का तांता लग रहा है। वहीं चर्च भवन को भी रंगीन रोशनी से सजाया गया है।