सीहोर जिले की बुधनी में शनिवार दोपहर लगभग एक बजे नगर की वीआईपी कॉलोनी से लगे खेत में मगरमच्छ दिखने से एक बार फिर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। खेत में मौजूद लोगों ने जब मगरमच्छ को देखा तो तुरंत वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण फैल गया और फौरन फॉरेस्ट एसडीओ सुकृति ओसवाल को सूचना दी गई। उन्होंने रेंज ऑफिसर को निर्देश देकर वन अमले को मौके पर तैनात कर निगरानी रखने को कहा।
पहले भी हो चुका हादसा
यह वही क्षेत्र है जहां कुछ समय पूर्व भी मगरमच्छ देखा गया था। उस दौरान लगातार कई दिनों तक वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उस दौरान मगरमच्छ ने लोगों को खूब छकाया था। यहां तक कि सड़क पार करते समय एक बाइक सवार युवक मगर को देखकर घबरा गया और गिरकर घायल हो गया था। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में मगर के प्रति भय गहराया हुआ था।
ये भी पढ़ें- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- अमेरिका से कोई समझौता नहीं, किसानों का हित सर्वोपरि
स्थानीय लोगों में बढ़ी दहशत
शनिवार को फिर से मगरमच्छ दिखने के बाद रहवासियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र मुख्य मार्ग के नजदीक है और यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। रात के समय अक्सर महिलाएं और बच्चे भी टहलने निकलते हैं। ऐसे में खेत और आसपास के क्षेत्र में मगरमच्छ का होना खतरे का संकेत है। लोग लगातार वन विभाग से मगर को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
वन विभाग की कार्रवाई
इस मामले में फॉरेस्ट ऑफिसर राजित द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को खेत में मगर दिखने की जानकारी मिलते ही विभाग की टीम को निगरानी पर लगाया गया है। जल्द ही मगर को पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे। विभाग ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और मगर दिखने पर तुरंत सूचना दें। फिलहाल क्षेत्र में वन विभाग का अमला सक्रिय है और मगर की लोकेशन ट्रैक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।