सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में रविवार को पैसों के लेन-देन के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष सामने आया। ललचाहा मोड़ के पास आरोपी ने एक युवक पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली युवक के पैर में जा धंसी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के तार चर्चित 'बारापत्थर हत्याकांड' से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं।
पैसों के लेनदेन से शुरू हुआ था विवाद से
पुलिस के मुताबिक, सेमरवारा निवासी घनश्याम कुशवाहा और बारापत्थर निवासी राजा यादव दोनों दोस्त हैं। शनिवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर घनश्याम और अभिलाष लोधी के बीच विवाद हो गया था, इस दौरान अभिलाष ने घनश्याम को थप्पड़ मार दिया था। रविवार को जब घनश्याम इस मामले की शिकायत करने नागौद थाने पहुंचा, तो इसकी भनक अभिलाष ने अपने दोस्त प्रिंस यादव को दे दी। इसके बाद गुस्साए प्रिंस ने पिस्तौल निकाली और घनश्याम की तलाश में ललचाहा इलाके में पहुंच गया। वहां राणा यादव की दुकान के पास आरोपी ने घनश्याम को रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर हफाई फायर करते हुए दो गोलियां उस पर चला दीं। कुल तीन राउंड चली गोली में एक गोली युवक को छूकर निकल गई और दूसरी उसके पैर में जा धंसी।
ये भी पढ़ें- एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें
खूनी रंजिश का बारापत्थर हत्याकांड से कनेक्शन
यह पूरा मामला केवल पैसों के विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है, नागौद के बारापत्थर में 5 मार्च को हुए एक हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव का साथी प्रिंस यादव को बताया जा रहा है। घायल घनश्याम, मृतक अभय यादव के छोटे बेटे राजा का दोस्त है, जबकि अभय यादव का बड़ा बेटा राणा इस हत्याकांड का मुख्य गवाह है। गवाह राणा ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद चंदन यादव अपने साथी प्रिंस के जरिए उसे गवाही देने से रोकने के लिए यह फायरिंग करवा रहा है, ताकि इलाके में खौफ का माहौल बना रहे। राणा की इस मामले में आगामी 14 नवंबर को गवाही होनी है।
अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना के तुरंत बाद घायल घनश्याम कुशवाहा को पहले सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है और घायल के बयनों के आधार पर मुख्य आरोपी प्रिंस यादव की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। नागौद टीआई मनोज सोनी ने बताया जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से गहराई से जांच की जा रही है।