गूगल लोकेशन कई तरह से लोगों की मदद करती है। दूसरे शहर जाने पर किसी रिश्तेदार या दोस्त का घर तलाश करने, कॉलेज, होटल, पर्यटक स्थल आदि यानी चाहा गया स्थान पता करने के लिए आमतौर पर लोकेशन की मदद लेते हैं। वहीं गूगल लोकेशन मुसीबत के समय भी मददगार होती है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आधी रात करीब 25 फीट गहरी खाई में कार गिरने से लखनऊ के एक परिवार के चार व्यक्ति घायल हो गए। एक घायल ने पुलिस को डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस एक्सप्रेस पर रात के अंधेरे में घटना स्थल तलाश करती रही लेकिन घटना स्थल नहीं मिल रहा था। तब एक पुलिसकर्मी ने कॉल करने वाले से घटना स्थल की लोकेशन वॉट्सएप पर मंगवाई। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर घटना स्थल पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें- देवास: टीआई की शहादत पर एसपी का बड़ा बयान, बोले- पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना ही शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि
जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय दीपरंजन पांडे, पत्नी 38 वर्षीय रंजना पांडे, पुत्री 12 वर्षीय आयशा और पुत्र 9 वर्षीय आवेश के साथ मुंबई से मर्सिडीज कार में सवार होकर मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर रतलाम होकर लखनऊ जा रहे थे। एक व दो नवंबर 2026 की रात करीब साढ़े तीन बजे जब वे रतलाम के धामनोद टोल नाके से करीब दो किलोमीटर दूर से गुजर रहे थे, तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 25 फीट गहरी खाई में जाकर पलट गई। इससे दीपरंजन पांडे व उनके परिजन घायल हो गए। पत्नी व बच्चे रोते हुए बिलखने लगे, वहीं दीपरंजन पांडे ने जैसे-तैसे कार का गेट खोलने का प्रयास किया लेकिन गेट नहीं खुला, तब उन्होंने सूझबूझ व हिम्मत से काम लिया और कार के गेट को जोर से लात मारी तो दरवाजा खुल गया। इसके बाद वे कार से बाहर निकलने और पत्नी व बच्चों को भी बाहर निकाला और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
अंधेरे में घटना स्थल नहीं दिखा तो लोकेशन मंगाई
सूचना मिलने पर दीनदयाल नगर थाने के डायल 112 वाहन पर तैनात पायलट नईम खान, आरक्षक सुनील डॉबर व आर्यन रघुवंशी वाहन लेकर एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे और घटना स्थल तलाश करने लगे। लेकिन अंधेरा होने से उन्हें घटना स्थल दिखाई नहीं दिया और घायल दीपरंजन पांडे भी रतलाम के क्षेत्र से परिचित नहीं होने के कारण घटना स्थल का सही पता नहीं बता पाए। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने दीपरंजन पांडे से वॉट्सएप पर लोकेशन भेजने के लिए कहा। उन्होंने लोकेशन भेजी, जिसके आधार पर पुलिसकर्मी घटना स्थल के पास पहुंचे और मोबाइल फोन से रोशनी कर जैसे-तैसे खाई में उतरने तथा घायलों को ऊपर सड़क पर लेकर आए तथा मेडिकल कॉलेज ले जाकर उन्हें भर्ती कराया।