इंदौर: इंदौर आए दिलजीत दोसांज, आज शाम को होगा शो, सबसे महंगा टिकट पचास हजार रुपये का
इंदौर में रविवार को दिलजीत दोसांज का शो होने जा रहा है। इसके लिए इंदौरवासियों में बड़ा क्रेज है। फर्जी धमकियों के बावजूद प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। शो के लिए 25 हजार टिकट बिक चुके है।
विस्तार
इंदौर में रविवार को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का लाइव शो होगा। इस शो को लेकर शहर में खासा उत्साह है। आयोजकों के मुताबिक, अब तक 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। टिकटों की बिक्री से सात करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिल चुकी है।
शो में सबसे महंगा गोटा टेबल टिकट है, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये रखी गई है। इस टेबल पर 10 लोग बैठ सकेंगे। यानी प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये खर्च होंगे। इस टेबल पर शराब भी परोसी जाएगी।इस शो के लिए दिलजीत रविवार सुबह चार्टर प्लेन से इंदौर पहुंचे। वे सुबह एयरपोर्ट पर उतरे और प्रशंसकों का अभिवादन किया। वे सोमवार को शहर की किसी फूड स्ट्रीट पर भी जा सकते हैं।
यह शो इंदौर बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर होगा। एक टिकट की कीमत करीब चार हजार रुपये है और अब तक 25 हजार टिकट बिक चुके हैं। आयोजकों ने टिकट बिक्री का हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है और मनोरंजन कर के रूप में 60 लाख रुपये भी जमा कराए हैं।
शो के लिए चार स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आठ घंटे तक आयोजन स्थल के आसपास भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।आयोजन को लेकर लगातार ई-मेल के जरिए धमकियां भी मिल रही थीं। इसके मद्देनजर बम निरोधक दस्ता आयोजन स्थल और उसके आसपास के हिस्सों में लगातार जांच कर रहा है। शो के दौरान भी 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे और निगरानी रखेंगे।इस शो में पिछले आयोजनों की तुलना में ज्यादा टिकट बिके हैं। इंदौर में इससे पहले हनी सिंह और अरिजीत सिंह के शो भी हो चुके हैं।

