राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 4 फरवरी से 11 फरवरी तक चली सिलसिलेवार कार्रवाई के दौरान माचलपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के घरों और खेतों में छिपाकर रखी गई ड्रग्स बरामद की। जांच के दौरान पुलिस को ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल भी मिले हैं, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि गिरोह स्थानीय स्तर पर ही नशीले पदार्थ तैयार करने की गतिविधियों में शामिल था। पुलिस के अनुसार इस पूरे अभियान में अब तक करीब 30 करोड़ रुपये की ड्रग्स और केमिकल जब्त किए जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें- स्कूटी की डिक्की में 15 लीटर की केन नहीं आ सकती; कोर्ट ने माना मामला फर्जी, TI पर FIR के आदेश
बताया जा रहा है कि पुलिस को पहले से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से निगरानी बढ़ाई गई। पर्याप्त प्रमाण जुटाने के बाद एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की गई, जिससे गिरोह को संभलने का मौका नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है, जिनके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।
माचलपुर थाना क्षेत्र में इससे पहले भी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया था। पहली कार्रवाई में करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये और दूसरी में लगभग 5 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी। लगातार मिल रही सफलताओं से यह स्पष्ट हो रहा है कि राजगढ़ पुलिस जिले में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क पर सख्ती से शिकंजा कस रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अब गिरोह के वित्तीय लेन-देन तथा सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।