जिले के पोरसा में दुकान की उधारी के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के महिला-पुरुष समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पोरसा अस्पताल से मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक दुकानदार सूरज श्रीवास का दूसरे पक्ष से दुकान की उधारी के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि सूरज ने उधारी की रकम मांगी तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद सूरज शिकायत करने के लिए पोरसा थाने पहुंचा और पुलिस को आवेदन दिया।
घायल सूरज श्रीवास का आरोप है कि थाने में आवेदन देने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी दूसरे पक्ष के परिवार के लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला और पुरुष भी झगड़े में शामिल हो गए और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे।
ये भी पढ़ें: इंदौर: नगर निगम कर्मचारी ने पी लिया जहर, चार लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
मारपीट के दौरान कई लोगों को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल दुकानदार सूरज श्रीवास को इलाज के लिए पोरसा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए मुरैना जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पोरसा थाना पुलिस भी सक्रिय हुई। पुलिस मुरैना जिला अस्पताल पहुंची और घायल दुकानदार के बयान दर्ज किए। सूरज ने पुलिस को बताया कि वह उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद की शिकायत करने थाने गया था और आवेदन देकर लौटते समय उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस अब दोनों पक्षों के घायलों के बयान लेने के साथ ही घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उधारी की रकम को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की शुरुआत किस पक्ष ने की और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।