मध्यप्रदेश के खरगोन के कसरावद क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए एक हादसे में सवारियों से भरी बस पलटी खा गई। मौके पर सवारियों में चीख पुकार मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से करीब 8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत ही पास के गोगावा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
खरगोन के कसरावद थाने के खामखेड़ा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले मुलठान गांव के पास एक बस हादसा हो गया। जिसमें ग्राम मुलठान में जैन ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP 10 P 1644 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि निजी यात्री बस मुलठान से कसरावद की ओर जा रही थी। इस दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर रोड साइड में पलट गई थी। वहीं यात्रियों के अनुसार बस की स्टेरिंग रॉड टूटने के कारण यह हादसा हुआ है, जिसके चलते वाहन सड़क से फिसलकर नीचे गिर गया था। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से गोगांवा अस्पताल भेजा गया। उसके बाद तीन घायलों को जिला अस्पताल भी रेफर किया गया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस का अमला मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गया।
ये भी पढ़ें-
जमानत मिलने के बाद भी साढ़े पांच साल जेल में रही महिला, हाईकोर्ट ने निजी मुचलके पर रिहाई के दिए आदेश
वहीं, बस में सवार बुजुर्ग यात्री रमेश प्रजापति ने बताया कि हम लोग अच्छी तरह से गोगांवा से बस में बैठकर जा रहे थे। इसी दौरान मुलठान और हीरापुर के बीच में बस पलटी खा गई। मैंने बचने के लिए कुछ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक तो बस पलट चुकी थी और उसमें रखा एक टायर मेरे ऊपर आकर गिर गया। जिससे मेने बाहर निकालने की बहुत कोशिश तो किया, लेकिन उसी में दबा रहा। बाद में लोगों ने मुझे बाहर निकाला और हादसे के वक्त हमारी बस में करीब 40 से 45 लोग सवार थे।