मध्यप्रदेश के खंडवा में लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे कुख्यात बदमाश अमन लाला और उसके साथी चेतन व प्रखर का पुलिस ने मंगलवार को जुलूस निकाला। सोशल मीडिया पर पुलिस को गालियां देकर वीडियो बनाने वाले तीनों आरोपी शहर की सड़कों पर कान पकड़कर चलते नजर आए। इस दौरान उनसे नारे लगवाए गए कि अपराध करना पाप है, जो करेगा उसका यही हश्र होगा" और "अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।" पुलिस ने आरोपियों की वह ब्लैक स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली, जिसका इस्तेमाल वे कथित तौर पर वारदातों और गुंडागर्दी के लिए करते थे।
मोघट और खानशाहवली क्षेत्र में था खौफ
पुलिस के मुताबिक, मोघट और खानशाहवली थाना क्षेत्र में अमन लाला और उसके दोनों साथियों का लंबे समय से आतंक था। आरोप है कि तीनों देर रात ब्लैक स्कॉर्पियो से इलाके में घूमते, नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चलाते और व्यापारियों से अवैध वसूली, मारपीट तथा लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। इतना ही नहीं, ये लोग थाने के आसपास भी रील बनाकर पुलिस को खुलेआम गालियां देते थे। दो दिन पहले गिदवानी मार्केट में अमन लाला और उसके साले पर जुबेर नामक युवक को चाकू की नोक पर धमकाने, मारपीट करने और शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश था।
पढ़ें: ओंकारेश्वर में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर वसूली, 11 श्रद्धालुओं से 13,200 रुपये लेने का आरोप
ऐसे गिरफ्त में आई गैंग
घटना के बाद पुलिस ने कोतवाली और मोघट थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। मुखबिर से मिली सूचना और लगातार दबिश के बाद सोमवार देर रात पुलिस ने अमन लाला, चेतन और प्रखर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को तीनों आरोपियों का उनके ही इलाके खानशाहवली और मोघट के बाजारों में कान पकड़वाकर जुलूस निकाला गया, ताकि लोगों में कानून का भरोसा और अपराधियों में पुलिस का डर कायम हो सके।
लोगों ने ली राहत की सांस
बाजार में जब लोगों ने कल तक दहशत फैलाने वाले बदमाशों को कान पकड़कर चलते और माफी मांगते देखा तो लोगों ने राहत की सांस ली। व्यापारियों का कहना है कि इससे इलाके में फैला डर खत्म होगा और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। खंडवा एसपी आगम जैन ने कहा कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की पहली प्राथमिकता अपराधियों में कानून का डर और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।