मध्यप्रदेश के खंडवा स्थित किशोर कुमार सभागृह में आयोजित एक विशेष कार्यशाला में 'वाटर मैन ऑफ इंडिया' राजेंद्र सिंह, 'सोलर मैन ऑफ इंडिया' चेतन सोलंकी और खंडवा जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जल संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग तथा प्रकृति व संस्कृति के समन्वय पर अपने विचार साझा किए। कार्यशाला में जल संरक्षण से जुड़े स्टेकहोल्डर्स, सचिव, जीआरए, सरपंच और स्कूलों के इको क्लब के छात्र शामिल हुए।
राजेंद्र सिंह: 'वाटर इज क्लाइमेट एंड क्लाइमेट इज वाटर'
कार्यशाला में 'वाटर मैन ऑफ इंडिया' राजेंद्र सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण अल नीनो और सुपर अल नीनो के प्रभाव गंभीर हुए हैं, जिनका असर मध्यप्रदेश सहित खंडवा में बेमौसम बारिश, बाढ़ और सुखाड़ के रूप में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक और विकेंद्रित जल प्रबंधन के जरिए कम वर्षा के बावजूद तीन फसली खेती संभव की जा सकती है, लेकिन इसके लिए बांध या नहर के बजाय बारिश व स्थानीय जल स्रोतों के प्रबंधन पर ध्यान देना होगा।
वहीं, वाटर मैन राजेंद्र सिंह ने जोर देकर कहा कि जल संरचनाओं के निर्माण में साइट चयन और क्रियान्वयन में 'साइंस विद सेंस' और 'साइंस विद कॉमन सेंस' जरूरी है, ताकि नीचे के स्तर पर भी वास्तविक प्रभाव दिखे। ग्लोबल वार्मिंग को 'धरती का बुखार' बताते हुए उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण और खनन से हरियाली घटने के कारण कार्बन का सिक्वेस्ट्रेशन कम हो रहा है, जिससे बादलों के बरसने का चक्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के भाव और नेचर के साथ जुड़ाव को बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
ये भी पढ़ें- उज्जैन: पानी के पाइप को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में किसान की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपियों पर केस दर्ज
चेतन सोलंकी: ऊर्जा खपत घटाने और 'क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम' का उल्लेख
'सोलर मैन ऑफ इंडिया' चेतन सोलंकी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण अल नीनो की घटनाएं और अधिक तीव्र हुई हैं। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल और कोयले से बनी बिजली जैसे कार्बन आधारित ऊर्जा स्रोतों के उपयोग से अदृश्य कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित होती है, जो धरती को गर्म करती है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की खपत मुख्य रूप से व्यक्तिगत स्तर पर बढ़ती सुख-सुविधाओं से जुड़ी है और केवल पेड़ लगाने या प्लास्टिक बंद करने जैसे उपायों से मूल समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक ऊर्जा उपयोग और असीमित जरूरतों को नियंत्रित नहीं किया जाता।
इसके साथ ही चेतन सोलंकी ने खरगोन में बनाए जा रहे 'क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम' के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कॉरपोरेट जगत, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों को तीन से पांच दिन तक ठहराकर जलवायु विषय पर वैज्ञानिक, आध्यात्मिक और वैश्विक दृष्टिकोण से प्रशिक्षित व रूपांतरित करना है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता: नेचर और कल्चर से जोड़ने का संदेश
इस आयोजन को लेकर खंडवा जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि राजेंद्र सिंह और चेतन सोलंकी के सानिध्य में किशोर कुमार सभागृह में आयोजित इस कार्यशाला में पानी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले सचिव, जीआरए, सरपंच, इको क्लब के विद्यार्थी और वाटर कंजर्वेशन से जुड़े स्टेकहोल्डर्स को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि खंडवा में जल संरक्षण का कार्य अच्छा हुआ है, लेकिन राजेंद्र सिंह का यह संदेश महत्वपूर्ण है कि इस कार्य को भारत की प्रकृति और संस्कृति के साथ जोड़कर आगे बढ़ाया जाए, जिससे भविष्य में और अधिक बेहतर परिणाम सामने आ सकें।