जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आलीराजपुर जिले के जोबट दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, इस दौरे के दौरान धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आयोजन किए जा रहे हैं। मुख्य समारोह धार जिले के डही में आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को आदिवासी अंचल के किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके माध्यम से नर्मदा नदी का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 120 से अधिक गांवों को सिंचाई की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों की बारिश पर निर्भरता कम होगी। साथ ही खेती का रकबा बढ़ाने और कृषि उत्पादन में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।
पढ़ें: भूजल प्रदूषण का खतरनाक खुलासा, बोरवेल के पानी में मिले जानलेवा बैक्टीरिया और जहरीले रसायन
तीन किलोमीटर के दायरे में उड़ान पर प्रतिबंध
मुख्यमंत्री के जोबट दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल के तीन किलोमीटर के दायरे को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेश के अनुसार, रविवार सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, यूएवी सहित अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर 1:30 बजे रणबयड़ा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर हेलीकॉप्टर से ग्राम रणबयड़ा में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को करेंगे याद
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर जनजातीय समाज के महान नायकों के योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी को उनके विचारों, संघर्ष और ऐतिहासिक भूमिका से परिचित कराया जाएगा।
डही और जोबट में आयोजित कार्यक्रमों को जनजातीय क्षेत्रों के विकास और किसानों को सिंचाई सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब क्षेत्र के किसानों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि लोकार्पित होने वाली सिंचाई परियोजना का लाभ उन्हें कब से और किस स्तर पर मिलना शुरू होगा।