दमोह जिले के दमोह रेंज अंतर्गत खर्रा घाट इमलिया स्थित बड़े पुल के पास मंगलवार सुबह व्यारमा नदी के स्टॉप डैम के ओवरफ्लो हिस्से में मगरमच्छ का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नदी की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में मगरमच्छ का शव देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना वन विभाग को दी गई।सूचना मिलते ही दमोह रेंज के रेंजर विक्रम चौधरी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मृत मगरमच्छ के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
नदी के बहाव में बहकर पहुंचने की आशंका
रेंजर विक्रम चौधरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मगरमच्छ का शव नदी के बहाव के साथ बहकर स्टॉप डैम तक पहुंचा होगा। प्रथम दृष्टया मगरमच्छ की मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका है। हालांकि, वन विभाग ने मौत के किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
पढ़ें: शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बनी सहमति, प्रशासन और कमेटी के बीच हुआ समझौता, आज फिर शुरू होगा काम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
वन विभाग की टीम मगरमच्छ के शव का पोस्टमार्टम करा रही है। इसके साथ ही आवश्यक सैंपल भी लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सैंपल की जांच के बाद ही मगरमच्छ की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मगरमच्छ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।