फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Ujjain News ›   Ujjain: Agreement Reached on Shahi Masjid Portion Removal, Work to Resume Today After Deal

उज्जैन: शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बनी सहमति, प्रशासन और कमेटी के बीच हुआ समझौता, आज फिर शुरू होगा काम

Tue, 29 Sep 2026 08:06 AM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Published by: प्रिया वर्मा Updated Tue, 29 Sep 2026 08:06 AM IST
सार

शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम मंगलवार सुबह से फिर शुरू होगा। प्रशासन, शहर काजी और मस्जिद प्रबंधन समिति के बीच सहमति के बाद यह फैसला हुआ है। करीब 3 फीट हिस्सा हटाने पर सहमति बनी है, हालांकि अंतिम सीमा पर चर्चा जारी है।

विज्ञापन
Ujjain: Agreement Reached on Shahi Masjid Portion Removal, Work to Resume Today After Deal
आज भी जारी रहेगा शाही मस्जिद को तोड़ने का काम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के हिस्से को स्वेच्छा से हटाने का काम मंगलवार सुबह से फिर शुरू होगा। प्रशासन, शहर काजी और मस्जिद प्रबंधन समिति के बीच सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है। हालांकि मस्जिद की कितनी दीवार हटेगी इस पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

विज्ञापन


बातचीत के बाद शांत हुआ तनाव
मस्जिद प्रबंधन से जुड़ी नुमाइंदा कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर ने सोमवार को बताया कि प्रशासन, शहर काजी और कमेटी के पदाधिकारियों के बीच बातचीत के बाद शांतिपूर्वक काम शुरू करने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत हो रहे सड़क चौड़ीकरण का सम्मान करता है और प्रभावित हिस्से को हटाने में सहयोग कर रहा है। सिकंदर के मुताबिक कमेटी की कोशिश थी कि धार्मिक स्थल को ज्यादा से ज्यादा सुरक्षित रखा जाए लेकिन सभी पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाने का निर्णय लिया गया।
विज्ञापन


लोगों ने खुद हटाना शुरू किया हिस्सा
सिकंदर ने बताया कि प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ के लिए मशीनें और उपकरण नहीं लाए गए थे। इसके बाद समुदाय के लोगों ने खुद मस्जिद की प्रभावित दीवार का हिस्सा हटाना शुरू किया। हालांकि मस्जिद के कुल कितने हिस्से को हटाया जाएगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि फिलहाल करीब 3 से 8 फीट दीवार हटाने को लेकर चर्चा चल रही है। वहीं मुस्लिम पक्ष के वकील कुलदीप पाठक के अनुसार प्रशासन ने पहले सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 9.5 फीट हिस्सा हटाने की बात कही थी, लेकिन समझौते के तहत करीब 3 फीट हिस्सा हटाने पर सहमति बनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


असमंजस के कारण हुआ था पथराव
सिकंदर के मुताबिक रविवार रात तक मस्जिद का हिस्सा हटाने के फैसले की जानकारी सभी संबंधित लोगों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सकी थी। इसी वजह से सोमवार को कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी और पथराव भी हुआ। सोमवार को प्रस्तावित तोड़फोड़ के विरोध में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर बितर करने की कार्रवाई की। बाद में वरिष्ठ लोगों के साथ बातचीत में यह स्पष्ट किया गया कि मस्जिद का प्रभावित हिस्सा स्वेच्छा से हटाया जा रहा है, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

7-8 दिन लग सकते हैं
कमेटी सदस्य ने बताया कि मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम पूरा होने में करीब 7 से 8 दिन लग सकते हैं। जरूरत पड़ने पर मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। मंगलवार सुबह काम शुरू होने के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की बात भी कही गई है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन शाही मस्जिद निर्माण विवाद: तीन फीट हिस्सा और दुकान हटाने पर बनी सहमति, हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद फैसला

हाईकोर्ट में समझौते के बाद दो याचिकाओं का निपटारा
इस मामले में सोमवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने से जुड़ी दो रिट अपीलों का निपटारा कर दिया। जस्टिस सुबोध अभ्यंकर और जस्टिस जय कुमार पिल्लई की पीठ के सामने मुस्लिम पक्ष ने बताया कि उज्जैन नगर निगम के साथ समझौता हो चुका है। कोर्ट ने कहा कि शाही मस्जिद मामले में उज्जैन नगर निगम की ओर से दिए गए आश्वासन और अंतरिम नोटिस निगम पर बाध्यकारी होंगे।

मुस्लिम पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता कुलदीप पाठक ने बताया कि हाईकोर्ट ने नगर निगम और शाही मस्जिद के प्रबंधन की कमेटी के बीच हुए समझौते के आधार पर अपील का निपटारा किया और दोनों पक्षों को समझौते की शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया।


सिंहस्थ 2028 के लिए हो रहा सड़क चौड़ीकरण
गौरतलब है कि उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ कुंभ होना है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण समेत कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। शाही मस्जिद का प्रभावित हिस्सा भी इसी सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आ रहा है।

बहरहाल प्रशासन की ओर से करीब 9.5 फीट हिस्से को हटाने की बात सामने आई थी, जबकि समझौते के अनुसार करीब 3 फीट हिस्सा हटाने पर सहमति बताई गई है। हालांकि कमेटी सदस्य के अनुसार अंतिम रूप से कितना हिस्सा हटेगा, इस पर अभी चर्चा जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed