तेंदूखेड़ा ब्लॉक के जामुनखेड़ा गांव जाने वाले पाठाघाट पुल पर निर्माण कार्य जारी है। आवागमन के लिए बनाए गए अस्थायी रैंप पर मिट्टी डाले जाने से शनिवार की बारिश के बाद कीचड़ हो गया, जिससे रास्ता दलदल में बदल गया। 16 गांवों के लोगों को इस स्थिति के कारण आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। बड़े वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं और ट्रैक्टर से खींचकर निकाले जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत पुल निर्माण कार्य के दौरान कच्चा रास्ता बनाया गया था, लेकिन मिट्टी के उपयोग से रैंप पर दलदल जैसी स्थिति बन गई। तेंदूखेड़ा निवासी बबलू ठाकुर ने बताया कि पीली मिट्टी के कारण वाहन फिसल रहे हैं। बच्चों और दोपहिया चालकों को भी इस मार्ग पर दिक्कतें हो रही हैं। शनिवार को एक कार दलदल में फंस गई जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकाला गया।
दूध लाने वाले ग्रामीणों ने बताया कि रैंप की लगभग 100 फीट लंबाई दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे बाइक और पैदल चलने वालों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर कुंदन पटेल ने कहा कि रैंप पर चचरा डलवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री सड़क प्राधिकरण के प्रबंधक रंजीत सिंह ने कहा कि बारिश के कारण स्थिति बिगड़ी है और ठेकेदार को तुरंत समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
कीचड़ से होकर जाते ग्रामीण