दमोह-कटनी रेलखंड पर शहर के फुटेरा फाटक के पास रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त कुरयाना मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय पप्पू उर्फ गजेंद्र कोरी, पिता राजेश कोरी के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह फुटेरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने आरपीएफ को सूचना दी। इसके बाद सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी, कोतवाली पुलिस के आरक्षक योगेंद्र यादव, देहात थाना से विष्णु धुर्वे और जीआरपीएफ के दिनेश कुमार मिश्रा सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: ऐसे पुलिस से बच रहा था आरोपी प्रांजल, होटल छोड़ भाई के अस्पताल में गुजारता था रात
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद उसके ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या कारण रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों को दी सूचना, जांच में जुटी पुलिस
मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है और परिजन फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि आरपीएफ से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।