शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के धरमपुरा वार्ड क्रमांक 39 में पड़ोसियों के साथ विवाद का मामला सामने आया है। यहां रहने वाली लीला ठाकुर ने पड़ोसियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, पूजा-पाठ में बाधा डालने और गाली-गलौज करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मंगलवार रात महिला विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर के सामने ऐसा कैमरा लगाया गया है, जिससे घर के बाथरूम तक की गतिविधियां दिखाई देती हैं। मामले में पुलिस ने आवेदन लेकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पूजा-पाठ करने पर रोकने और गाली-गलौज करने का आरोप
लीला ठाकुर पति नरेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने धरमपुरा क्षेत्र में प्लॉट खरीदकर अपना मकान बनाया है। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मुद्दीन खान और उनके परिवार के लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। महिला के मुताबिक, जब वह घर में पूजा-पाठ करती हैं तो उन्हें रोका जाता है और आए दिन अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर गाली-गलौज की जाती है। इन परिस्थितियों के कारण परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश, विधानसभा अध्यक्ष दो महीने में लें फैसला
घर के सामने कैमरा लगाने पर उठाए सवाल
महिला ने अपने आवेदन और शिकायत में घर के सामने कैमरा लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया है। उनका आरोप है कि कैमरे का एंगल इस तरह रखा गया है कि उनके घर का बाथरूम तक दिखाई देता है। इससे उनकी निजता प्रभावित हो रही है और परिवार को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लीला ठाकुर ने बताया कि उनके पति नरेश ठाकुर ट्रक चालक हैं और काम के सिलसिले में हरियाणा में रहते हैं। ऐसे में घर पर वह अपनी बेटी के साथ अकेली रहती हैं। उनका कहना है कि इस वजह से उन्हें हमेशा असुरक्षा और डर का माहौल बना रहता है।
मकान बेचकर चले जाने का बनाया जा रहा दबाव
महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों की ओर से उन्हें मकान बेचकर वहां से चले जाने के लिए कहा जाता है। उनसे कथित तौर पर यह तक कहा गया कि जितनी कीमत में मकान बनाया है, उतने समय तक वहां रह लिया, अब मकान बेचकर चले जाओ। लीला ठाकुर का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत से मकान बनाया है और वह उसे बेचना नहीं चाहतीं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में उनके परिवार के अलावा कोई दूसरा हिंदू परिवार नहीं रहता, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाकर परेशान किया जा रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप महिला की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
पहले भी की थी शिकायत, अब हिंदू संगठनों के साथ पहुंचीं
लीला ठाकुर के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में पहले भी पुलिस को आवेदन दिया था, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लगातार परेशानी का सामना करने के बाद उन्होंने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी दी। मंगलवार रात वह संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचीं। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और पुलिस को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दिया जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि महिला की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि महिला की ओर से लगाए गए मानसिक प्रताड़ना, कैमरे से निजता प्रभावित होने और मकान बेचने का दबाव बनाने जैसे आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।

संगठन के सदस्यों के साथ शिकायत करने कोतवाली पहुंची महिला