मध्य प्रदेश के दमोह में नाबालिग किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोर पर दो युवतियां फोन पर बातचीत करने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने मामले में जबलपुर और दमोह निवासी दो युवतियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामला देहात थाना क्षेत्र का है। अक्टूबर माह में किशोर अपने घर में अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की थी। साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई।
पढ़ें: पीडब्ल्यूडी की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की मौत पर भाई ने उठाए सवाल, पति और ससुर पर लगाए हत्या के आरोप
कॉल डिटेल खंगालने पर सामने आईं दो युवतियां
जांच के दौरान पुलिस ने किशोर के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें जबलपुर और दमोह की दो युवतियों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सीएसपी एचआर पांडे ने गुरुवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि जांच में दोनों युवतियों द्वारा किशोर पर फोन पर बातचीत करने के लिए जबरन दबाव बनाने की बात सामने आई है।
पूछताछ के बाद दोनों को भेजा जेल
पुलिस के अनुसार, लगातार दबाव के चलते किशोर मानसिक रूप से परेशान था और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों युवतियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है।