Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Trump Joins European Leaders’ Meeting on Ukraine After Talks With Putin and Xi; Can He Broker a Peace Deal?

डोनाल्ड ट्रंप: पुतिन-जिनपिंग से मुलाकात के बाद बर्लिन में यूक्रेन युद्ध पर मंथन, बैठक में जेलेंस्की भी शामिल

Thu, 19 Nov 2026 11:27 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बर्लिन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बर्लिन Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Thu, 19 Nov 2026 11:27 PM IST
सार

चीन में पुतिन और जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप ने बर्लिन में यूरोपीय नेताओं की यूक्रेन युद्ध पर हो रही बैठक में फोन से हिस्सा लिया। इसी बीच केर्च पुल पर यूक्रेन के हमले और दोनों देशों में मौतों ने तनाव बढ़ाया है। यूरोप यूक्रेन की सुरक्षा चाहता है, जबकि रूस नाटो को अपनी सीमा से दूर रखना चाहता है। क्या ट्रंप युद्ध खत्म कराने का रास्ता निकाल पाएंगे? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
Trump Joins European Leaders’ Meeting on Ukraine After Talks With Putin and Xi; Can He Broker a Peace Deal?
बर्लिन की बैठक में ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से क्या कहा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रूस और यूक्रेन के बीच करीब पांच साल से जारी युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से सीधे बातचीत की है। चीन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप ने गुरुवार को बर्लिन में चल रही बैठक में फोन के जरिए हिस्सा लिया। इस बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और 40 से ज्यादा यूरोपीय नेता शामिल हुए। बातचीत का मकसद युद्ध खत्म करने के लिए साझा रास्ता तैयार करना और यूक्रेन की सुरक्षा पर सहमति बनाना है।

विज्ञापन


बर्लिन की बैठक में ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से क्या कहा?
अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने बताया कि ट्रंप ने बर्लिन में बैठक कर रहे यूरोपीय नेताओं से फोन पर बात की। हालांकि, उन्होंने बातचीत का पूरा ब्योरा साझा नहीं किया। इस बैठक में कुशनर और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल थे। दोनों ट्रंप प्रशासन की ओर से युद्ध खत्म कराने के लिए बातचीत कर रहे हैं। कुशनर के मुताबिक, अमेरिका की प्राथमिकता यूक्रेन और यूरोप के साथ तालमेल मजबूत करना, स्थायी शांति के अहम मुद्दों पर साझा राय बनाना और अगली बहुपक्षीय बातचीत की तैयारी करना है। यूरोपीय देश इस बात से चिंतित हैं कि ट्रंप और पुतिन की सीधी बातचीत में कहीं यूक्रेन के भविष्य से जुड़े फैसले उनकी भागीदारी के बिना न हो जाएं।
विज्ञापन


केर्च पुल पर यूक्रेन के हमले से रूस को कितना नुकसान हुआ?
बर्लिन में बातचीत शुरू होने से कुछ घंटे पहले यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च पुल पर चार दिनों में तीसरी बार हवाई हमला किया। हमले के बाद पुल पर रेल यातायात रोक दिया गया और नुकसान का आकलन किया गया। हालांकि, दोपहर में ट्रेन सेवाएं फिर शुरू हो गईं। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने हमले की पुष्टि करते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुल के सड़क वाले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा है, लेकिन इसे दोबारा बनाया जाएगा। पुतिन का दावा है कि यह पुल नागरिक इस्तेमाल के लिए है और उन्होंने इस पर सैन्य सामान तथा गोला-बारूद ले जाने पर रोक लगाई थी। करीब 19 किलोमीटर लंबा यह पुल क्रीमिया तक नागरिक और सैन्य आपूर्ति पहुंचाने का अहम रास्ता है। यूक्रेन ने दावा किया कि हमले में पुल के सड़क वाले हिस्से का बड़ा हिस्सा और एक मेहराब ढह गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


युद्ध में अब तक कितने लोगों की जान गई और कहां हुए हमले?

  • रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, रात में 10 रूसी क्षेत्रों में यूक्रेन के 53 ड्रोन मार गिराए गए।
  • रूस के सारातोव क्षेत्र में यूक्रेनी हमले में तीन लोगों की मौत हुई और दो घायल हुए। ब्रियांस्क में ड्रोन हमले में एक महिला और उसका आठ साल का नाती भी चपेट में आए।
  • यूक्रेन के मुताबिक, रूस ने 98 ड्रोन और जहाज रोधी मिसाइलों से हमला किया। 18 जगहों पर हमले दर्ज किए गए।
  • यूक्रेन में रूसी हमलों से दो लोगों की मौत और कम से कम 23 लोग घायल हुए। इनमें 12 साल का एक बच्चा भी शामिल है।
  • कीव में धमाकों और हवाई हमले के सायरन सुनाई दिए। नीदरलैंड और ऑस्ट्रिया के दूतावासों को मामूली नुकसान पहुंचा।


यूक्रेन की सुरक्षा को लेकर यूरोप और रूस के बीच क्या मतभेद हैं?
यूरोपीय देश चाहते हैं कि युद्ध खत्म होने के बाद यूक्रेन की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बने, ताकि रूस दोबारा हमला न कर सके। वहीं, रूस नहीं चाहता कि नाटो सैन्य गठबंधन उसकी सीमाओं के करीब पहुंचे। पुतिन ने कहा कि रूस बातचीत में यूरोप की भागीदारी के खिलाफ नहीं है, लेकिन यह समझना जरूरी है कि यूरोपीय देश वार्ता में क्या लेकर आएंगे। उन्होंने यूरोपीय अधिकारियों को बातचीत के लिए मॉस्को आने का प्रस्ताव भी दिया। हालांकि, अगली बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी यह स्पष्ट नहीं किया कि किन यूरोपीय नेताओं को बुलाया गया है।



क्या ट्रंप और पुतिन की बातचीत से यूक्रेन युद्ध का भविष्य तय होगा?
यूक्रेन को आशंका है कि ट्रंप और पुतिन आपसी समझौते से उसके भविष्य का फैसला कर सकते हैं। ट्रंप ने चीन में पुतिन को अपना मित्र बताया, जबकि जेलेंस्की के साथ उनके संबंधों में तल्खी आई है। ट्रंप प्रशासन के दौरान यूक्रेन को अमेरिकी मदद भी काफी कम हुई है। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद कांग्रेस में इस मुद्दे पर सवाल उठ सकते हैं। दूसरी ओर, रूस अपनी बड़ी सेना और हथियारों के दम पर यूक्रेन को थकाने की रणनीति अपना रहा है। यूक्रेन ड्रोन और लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस के भीतर तेल रिफाइनरियों समेत अहम ठिकानों को निशाना बना रहा है। सर्दियों से पहले रूस यूक्रेन की बिजली व्यवस्था पर भी हमले तेज कर रहा है। ऐसे में बर्लिन की बैठक से शांति वार्ता की दिशा तय होने की उम्मीद है, लेकिन दोनों पक्षों के सुरक्षा हितों पर सहमति बनना बड़ी चुनौती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed