बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 13 अक्टूबर को दमोह पहुंच रही है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। हटा में सोमवार देर रात उनके पहुंचने पर शिष्य मंडल और भक्तों ने स्वागत किया। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे यात्रा दमोह के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे यात्रा के दमोह पहुंचने की संभावना है। शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में प्रवचन और अन्य कार्यक्रम के लिए व्यवस्था की गई है।
हटा में देर रात पहुंचे बागेश्वर सरकार
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार देर रात पन्ना और अमानगंज की ओर से हटा पहुंचे। यहां देव श्री गौरीशंकर मंदिर परिसर में उनके आगमन पर भक्तों में उत्साह दिखाई दिया। शिष्य मंडल और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से परिसर गूंज उठा। हटा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया और सनातन हिंदू एकता यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। आयोजन में दिव्य दरबार भी लगाया गया, जहां भक्तों की पर्चियां निकालकर उन्हें संबोधित किया गया।
पटेरा, हिंडोरिया और समन्ना होते हुए दमोह पहुंचेगी यात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह हटा से रवाना हुई यात्रा पटेरा, हिंडोरिया और समन्ना होते हुए दमोह बायपास पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा जबलपुर नाका क्षेत्र से होते हुए पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड पहुंचेगी। यहां दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम प्रस्तावित है। पॉलिटेक्निक ग्राउंड पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। यहां करीब 90 मिनट तक प्रवचन और अन्य गतिविधियां प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सागर नाका मार्ग से गढ़ाकोटा और रहली की ओर रवाना होंगे।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: कूनो में अब तक 28 चीतों की मौत, इस साल 7 ने गंवाई जान; आशा के 8 माह के शावक की भी गई जान
यात्रा के दौरान चोरी की खबर
इसी बीच सनातन हिंदू एकता यात्रा के दौरान हटा-अमानगंज-सिमरिया क्षेत्र में चोरी की खबर सामने आने के बाद पुलिस ने धार्मिक आयोजन में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई। हटा में कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर तैनात पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी और निरीक्षक सविता रजक ने श्रद्धालु महिलाओं को सावधानी बरतने की समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं को पर्स, मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही भीड़भाड़ में अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी परेशानी की स्थिति में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सहायता लेने को कहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा संबंधी जागरूकता पर जोर दिया गया।
डीआईजी और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
यात्रा और कार्यक्रम को देखते हुए सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान और दमोह एसपी आनंद कलादगी ने हटा तथा दमोह में आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से यात्रा के सुचारु संचालन के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। शहर में यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जरूरत के अनुसार निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
दमोह के बाद सागर की ओर बढ़ेगी यात्रा
दमोह में पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड पर प्रस्तावित कार्यक्रम के बाद यात्रा सागर जिले की ओर आगे बढ़ेगी। इसके लिए सागर नाका मार्ग से गढ़ाकोटा और रहली की ओर जाने का कार्यक्रम बताया गया है। यात्रा के आगमन को लेकर प्रशासन, पुलिस और शिष्य मंडल की तैयारियों के बीच अब सभी की नजरें दमोह में होने वाले कार्यक्रम पर हैं।