कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। घटना के दौरान जनसुनवाई में अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों में दहशत फैल गई। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में करीब तीन से चार लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया, जिससे वे घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर में लंबे समय से मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ है। परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि विभिन्न कामों से पहुंचते हैं। मंगलवार को भी जनसुनवाई होने के कारण परिसर में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड आक्रामक हो गया और लोगों पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए।
पढ़ें: कूनो से निकलकर राजस्थान होते हुए गुना के जंगल में पहुंचा चीता, वन विभाग ने करवाई मुनादी
बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए पहले भी प्रयास किए गए थे, लेकिन इसे पूरी तरह हटाया नहीं जा सका। इसके चलते छत्ते का खतरा लगातार बना हुआ था। मंगलवार को हुई घटना ने एक बार फिर परिसर में लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले से था खतरा, फिर भी नहीं हुआ स्थायी इंतजाम
कलेक्ट्रेट परिसर जिले का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र है, जहां जनसुनवाई के दिन दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थान पर मधुमक्खियों का छत्ता होना लोगों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
सवाल यह है कि पहले प्रयास के बावजूद छत्ता पूरी तरह नहीं हटाया गया तो दोबारा सुरक्षित तरीके से कार्रवाई क्यों नहीं की गई? घटना के बाद अब जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी विशेषज्ञों की मदद से मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटवाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।