महिला बाल विकास विभाग के बैतूल ब्लॉक कार्यालय के कालापाठा स्थित पुराने रिकॉर्ड रूम में लगी आग ने विभाग के वर्षों पुराने दस्तावेजों को खाक कर दिया। हैरानी की बात यह है कि रात में फायर ब्रिगेड ने तीन बार मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन सुबह एक बार फिर रिकॉर्ड रूम से आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से रिकॉर्ड रूम में रखा वर्ष 2020 तक का विभागीय रिकॉर्ड पूरी तरह जलकर राख हो गया।
ये भी पढ़ें- एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें
बार-बार आग भड़कने और सरकारी दस्तावेजों के इस तरह नष्ट होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर रिकॉर्ड रूम में आग कैसे लगी यह महज हादसा है या फिर आग लगाने की साजिश फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 11 बजे सबसे पहले रिकॉर्ड रूम से धुआं उठता देखा गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना विभाग के चौकीदार और फायर ब्रिगेड को दी। टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन करीब दो घंटे बाद फिर आग भड़क गई। फायर ब्रिगेड को दोबारा बुलाना पड़ा। रात में ही तीसरी बार भी यही स्थिति बनी। हर बार आग बुझती दिखी लेकिन अंदर ही अंदर सुलगती रही। सुबह करीब 6 बजे जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो रिकॉर्ड रूम से एक बार फिर तेज लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को फिर सूचना दी गई। इस बार दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया।
आग इतनी भीषण थी कि रिकॉर्ड रूम की छत तक गिर गई और अंदर रखा फर्नीचर, फाइलों के रैक, कंप्यूटर और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्ड रूम में वर्ष 2020 तक के आंगनबाड़ी केंद्रों, पोषण आहार, टेंडर, भुगतान, माप पुस्तिका और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। इनमें कई योजनाओं के मूल रिकॉर्ड भी शामिल थे। घटना के बाद विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है लेकिन तीन-तीन बार आग का भड़कना कई संदेह पैदा कर रहा है। लोगों में चर्चा है कि कहीं गड़बड़ी छिपाने के लिए तो आग नहीं लगाई गई। फिलहाल पुलिस और विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने सभी जले हुए रिकॉर्ड की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

महिला बाल विकास का वर्षों पुराना रिकॉर्ड राख
आग बुझाने का प्रयत्न करते फायरकर्मी।