बड़वानी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने वरला थाना क्षेत्र के जंगलों में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। चार खेतों से 9,353 हरे पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) जोन इंदौर अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना वरला क्षेत्र के ग्राम निशानियापानी और आड़नदी (आइनदी) के जंगलों में खेतों के भीतर अवैध रूप से गांजे की फसल उगाई गई है। थाना प्रभारी वरला ने सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद कार्रवाई की तैयारी की गई।
ये भी पढ़ें- आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क
आठ टीमें बनाकर जंगल में की सर्चिंग
कार्रवाई के लिए जिला पुलिस लाइन बड़वानी से लगभग 45 पुलिसकर्मियों के साथ निवाली, पाटी, सिलावद, खेतिया, सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा सिटी, जुलवानिया और नागलवाड़ी का पुलिस बल तथा विभिन्न थानों के विवेचक उपलब्ध कराए गए। थाना वरला में आमद दर्ज करने के बाद अनुसंधान किटों सहित आठ पुलिस टीमें गठित की गईं। कुल 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
सूचना की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस टीमों ने पिकअप वाहनों को तिरपाल से ढककर जंगलों में सघन सर्चिंग की। क्षेत्र का ड्रोन के माध्यम से हवाई निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध फसल लगी मिली। पुलिस वाहनों को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। इसके बाद चार अलग-अलग पुलिस टीमों ने अक्षांश-देशांतर के आधार पर विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधे जब्त किए।
वन विभाग के समन्वय से आरोपियों की पहचान
घटनास्थल वन भूमि पर होने और वन क्षेत्र अधिकार रेंज सिरवेल, जिला खरगोन के अंतर्गत आने के कारण वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने खेतों की टोपोग्राफी के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया। उनके संबंध में अभिलेखों के अनुसार अलग से जानकारी जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चार प्रकरणों में 9,353 पौधे जब्त
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत चार अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए हैं। अपराध क्रमांक 283/2026 में 4,950 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 219 किलो 370 ग्राम और अनुमानित कीमत 21 लाख रुपये बताई गई है। अपराध क्रमांक 284/2026 में 1,719 पौधे, वजन 30 किलो 750 ग्राम और कीमत 3 लाख रुपये दर्ज की गई है।
इसी तरह अपराध क्रमांक 285/2026 में 347 पौधे, वजन 43 किलो 380 ग्राम और कीमत 4 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। वहीं अपराध क्रमांक 286/2026 में 2,337 पौधे, वजन 192 किलो 140 ग्राम और कीमत 10 लाख 92 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, चारों प्रकरणों में कुल 9,353 पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 485 किलो 064 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
एसपी बोले- मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध खेती के विरुद्ध ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत बड़वानी पुलिस की यह एक बड़ी व प्रभावी कार्रवाई है। दुर्गम वन क्षेत्रों में ड्रोन व संयुक्त टीम के समन्वय से अवैध गांजे की फसल को जब्त किया गया है। वन विभाग के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

गांजे के पौधे उखाड़ते पुलिसकर्मी।