{"_id":"6aad039e58c76a43170cc2f6","slug":"video-bal-vigyan-congress-2026-rampur-45-schools-365-students-2026-09-18","type":"video","status":"publish","title_hn":"रामपुर में बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ, 45 स्कूलों के 365 विद्यार्थी दिखा रहे वैज्ञानिक प्रतिभा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर में बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ, 45 स्कूलों के 365 विद्यार्थी दिखा रहे वैज्ञानिक प्रतिभा
Ankesh Dogra
Updated Fri, 18 Sep 2026 02:55 PM IST
Link Copied
पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में शुक्रवार को उपमंडल स्तरीय हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन में रामपुर, सराहन और ननखड़ी खंड के 45 स्कूलों के 365 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का विषय ‘सततता के लिए विज्ञान और नवाचार’ रखा गया है।
आयोजन हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद शिमला और उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, जिला शिमला के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे बाल वैज्ञानिक पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थी विज्ञान प्रश्नोत्तरी, अभिनव विज्ञान मॉडल, विज्ञान गतिविधि केंद्र और गणित प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। विज्ञान मॉडल और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने आसपास की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने की कोशिश की है।
मझोली टिप्पर स्कूल की प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कृषि विभाग के एचओडी डॉ. प्रवीण मेहता विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के समन्वयक खेम चंद चौहान ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
मॉडल प्रदर्शनी के मूल्यांकन के लिए रामपुर महाविद्यालय के तीन प्राध्यापकों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। विद्यार्थियों के साथ 62 शिक्षक भी आयोजन में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि जयंती धीमान ने कहा कि पीएम श्री स्कूल में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके लिए भावुक क्षण है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इसी विद्यालय में करीब 25 वर्षों तक सेवाएं दी हैं और लगभग तीन महीने पहले ही उनका स्थानांतरण मझोली टिप्पर स्कूल में हुआ है।
उन्होंने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।
मॉडलों में दिखी पर्यावरण संरक्षण की चिंता
बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रदर्शित विज्ञान मॉडल आयोजन के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके द्वारा तैयार किए गए मॉडलों के बारे में सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने भी अपने मॉडल के पीछे की वैज्ञानिक सोच और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
कई मॉडल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर केंद्रित हैं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में विज्ञान को दैनिक जीवन की समस्याओं से जोड़ने और नवाचार के माध्यम से समाधान तलाशने का प्रयास दिखाई दे रहा है।
दो दिवसीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल दिखाने का मंच प्रदान कर रही है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने और नई सोच के साथ समस्याओं को समझने का अवसर भी मिल रहा है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।