{"_id":"6afb099b37301aa5640e6122","slug":"video-clash-between-municipal-team-and-shopkeepers-over-removal-of-stalls-allegation-of-a-slap-being-dealt-2026-11-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"खोखे-स्टॉल हटाने पर निगम टीम और दुकानदारों में भिड़ंत, थप्पड़ मारने का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खोखे-स्टॉल हटाने पर निगम टीम और दुकानदारों में भिड़ंत, थप्पड़ मारने का आरोप
यमुनानगर। जगाधरी रोड स्थित सेक्टर-17 मार्केट में शराब ठेके के पास रविवार रात खोखे और स्टॉल हटाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम की कार्रवाई से नाराज स्टॉल संचालक ने कर्मचारियों पर थप्पड़ मारने और रंजिशन उसका स्टॉल तोड़ने का आरोप लगाया। वहीं, निगम अधिकारियों ने दुकानदारों पर बदसलूकी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने पर कई समाजसेवी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विनोद बैनीवाल और हरजीत आनंद का घेराव कर कार्रवाई का विरोध किया। एडवोकेट विक्की बांगड़ ने बिना नोटिस कार्रवाई करने पर अधिकारियों से जवाब मांगा।
विजय कॉलोनी निवासी गुरदीप सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-17 मार्केट में शराब ठेके के पास नॉनवेज का स्टॉल लगाता है। रविवार रात उसके स्टॉल पर तीन युवक नॉनवेज खा रहे थे। इसी दौरान अल्टो कार में दो से तीन युवक पहुंचे और खुद को नगर निगम कर्मचारी बताते हुए कूड़ा फैलाने की बात कहने लगे। गुरदीप के अनुसार, जब उसने उनकी पहचान पूछी तो वे आईकार्ड दिखाने लगे। इसी दौरान उसके पास खड़े एक युवक ने आईकार्ड पकड़कर फेंक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई।
गुरदीप ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर हंगामा हो गया। उसका आरोप है कि एक निगम कर्मचारी हर महीने उससे दो हजार रुपये लेकर जाता है, इसके बावजूद उसका स्टॉल तोड़ दिया गया। इससे उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे कर्मचारी
मौके पर पहुंचे हरजीत आनंद ने बताया कि सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार का उन्हें मैसेज मिला था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर वह मार्केट में सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे। दुकानदारों को कूड़ा नहीं फैलाने के लिए कहा गया तो उनके साथ बदसलूकी की गई। वहीं, विनोद बैनीवाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदार गंदगी फैला रहे थे, इसलिए खोखे और स्टॉल हटाए गए हैं। किसी का सामान नहीं तोड़ा गया।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत देकर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी राजिंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।