{"_id":"6b0ab3d3e3a6330d90062a31","slug":"video-pandit-birju-maharaj-granddaughter-enthralled-the-audience-with-her-kathak-performance-2026-11-28","type":"video","status":"publish","title_hn":"नोएडा: पंडित बिरजू महाराज की पौत्री ने कथक से बांधा समां, दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध; मंच हुआ सुरमय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नोएडा: पंडित बिरजू महाराज की पौत्री ने कथक से बांधा समां, दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध; मंच हुआ सुरमय
कथक की थिरकती पदचाप, भावपूर्ण मुद्राएं और संगीत की मधुर लय… महर्षि आश्रम में आयोजित भारत उत्कर्ष महायज्ञ की दूसरी शाम भारतीय शास्त्रीय नृत्य की अनुपम छटा से सराबोर रही। लखनऊ घराने की प्रसिद्ध कथक कलाकार और महान नृत्य गुरु पंडित बिरजू महाराज की पौत्री शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी टीम के साथ ऐसी शानदार प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी प्रस्तुति में कथक के पारंपरिक स्वरूप के साथ भक्ति, ताल, लय और भाव का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कथक के अलग-अलग रंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘जय भगवती’ से हुई, जिसमें देवी आराधना और भक्ति भाव की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। इसके बाद ‘सरगम’, ‘अर्धांग’, ‘तराना’ और ‘राम भजन’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराया।
प्रत्येक प्रस्तुति की अपनी अलग विशेषता और भावभूमि रही। कहीं घुंघरुओं की झंकार और पैरों की थाप ने ताल एवं लय का अद्भुत तालमेल प्रस्तुत किया, तो कहीं भाव-भंगिमाओं और मुद्राओं के माध्यम से भक्ति एवं आध्यात्मिकता को साकार किया गया। शिंजिनी और उनकी टीम के शानदार तालमेल तथा मंच पर उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। प्रस्तुति समाप्त होते ही पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
भारत उत्कर्ष महायज्ञ में आयोजित यह सांस्कृतिक इस बात का उदाहरण रही कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं किस तरह आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ जोड़ती हैं। पंडित बिरजू महाराज जैसे महान कलाकार की कथक परंपरा को आगे बढ़ा रहीं शिंजिनी कुलकर्णी की प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गहराई और सौंदर्य का अनुभव कराया।
महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं से जोड़ना भी है। संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने बताया कि इस भारत उत्कर्ष महायज्ञ में देश की शास्त्रीय कलाओं और लोक परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया है जिससे आने वाली पीढ़ी हमारे इतिहास से सीख कर आगे बढ़ सके।
महायज्ञ परिसर में रेत से निर्मित शक्तिपीठ श्रद्धालुओं और आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वहीं विशाल क्षेत्र में विकसित कला गांव में कलाकारों द्वारा रंगों से उकेरे गए देवी-देवताओं के चित्र और विभिन्न कलात्मक रचनाएं भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित कर रही हैं। इसके अलावा 108 कुण्डीय देवी भगवती सहस्त्र महायज्ञ, श्रीमद् देवी भागवत कथा, भारत आरोग्य मेला, पुस्तक मेला, गौ सेवा और अन्न क्षेत्र सहित अनेक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।