{"_id":"6aae547bb4fed127bb09f086","slug":"video-greater-noida-cunning-thief-arrested-for-stealing-motors-from-tubewells-in-fields-2026-09-19","type":"video","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा: खेतों में लगे ट्यूबवेल से मोटर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पांच लाख का माल बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा: खेतों में लगे ट्यूबवेल से मोटर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पांच लाख का माल बरामद
जारचा कोतवाली पुलिस ने खेतों में लगे ट्यूबवेल और नलकूपों से पानी की मोटर व अन्य सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें 17 पानी की मोटर व समरसिबल, 21 पानी के पंखे, 20 एल्युमिनियम आर्मेचर, दो मोटर राउटर, 4.5 किलोग्राम तांबे का तार और पांच किलोग्राम नट-बोल्ट शामिल हैं। आरोपी के पास से चोरी की एक बाइक, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक का तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान दिपांशु (22) निवासी रोशनपुर थाना दनकौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को सैंथली की मढ़ैय्या तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के अनुसार आरोपी ने 28 फरवरी को सलारपुर कलां गांव में खेत में लगी चार पानी की मोटर चोरी की थीं। इस संबंध में जारचा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 16 अगस्त को दादूपुर खटाना स्थित नलकूप से 7.5 एचपी की बिजली की मोटर चोरी की गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। दोनों घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया।
दिन में करते थे रेकी, रात में खोल ले जाते थे मोटर
पुलिस के मुताबिक दिपांशु अपने साथी के साथ मिलकर दिन के समय गांवों और सुनसान स्थानों पर लगे ट्यूबवेल व मोटरों की रेकी करता था। इसके बाद रात में चिह्नित खेतों में पहुंचकर रिंच और अन्य औजारों की मदद से मोटर, समरसिबल और पानी के पंखे खोलकर चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान को सुरक्षित स्थान पर एकत्र किया जाता था।
आरोपी चोरी की गई मोटर और पंखों को बाद में खोलकर उनके अंदर लगे एल्युमिनियम, तांबे के तार और अन्य धातु के पुर्जे अलग कर लेता था। इसके बाद इन्हें बेचकर अवैध रूप से रुपये कमाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरक्षा के लिए अपने पास अवैध तमंचा और कारतूस भी रखता था।
बाइक भी चोरी की निकली
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक बाइक भी बरामद की है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाली एक रेती, हथौड़ी और प्लास भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी के खिलाफ जारचा कोतवाली में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी के दो मामलों में बीएनएस की धाराओं में मुकदमे शामिल हैं, जबकि तीसरे मामले में चोरी के सामान के साथ अवैध तमंचा बरामद होने पर बीएनएस की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है। आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।