जिले में बीते 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। बालोद-दुर्ग-रायपुर स्टेट हाईवे पर सिकोसा के पास स्थित नाला उफान पर होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग किए जाने के बावजूद कई लोग जान जोखिम में डालकर नाला पार करते नजर आ रहे हैं। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में स्थिति का जायजा लेने क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकले।
घरों में घुसा पानी, राशन खराब
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने बताया कि जलभराव के कारण कई घरों में रखा अनाज और सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन भीगकर खराब हो गया है। बाढ़ की वजह से सैकड़ों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के साथ समीक्षा की जा रही है और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी के लिए वे स्वयं फील्ड में उतरे हैं।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में चक्रवात तांडव: कई मार्गों पर आवागमन बंद, संपर्क टूटा, तस्वीरों में देखिये बारिश का रौद्र रूप
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, बैरिकेडिंग की मांग
विधायक ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने मीडिया के जरिए प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े उफनते नालों पर तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।