दीपावली के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तेरई फाटक पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को एक स्लीपर बस से करीब 22 क्विंटल खाद्य सामग्री बरामद की। टीम ने बस को सीज कर दिया और बरामद सामग्री को जेसीबी की मदद से जमीन में गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया। बरामद सामग्री की कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर तेरई फाटक पुलिस चौकी के पास टीम ने ललितपुर की ओर जा रही स्लीपर बस को रोककर तलाशी ली। बस में कई बोरों में खाद्य सामग्री लदी मिली। टीम ने बस स्टाफ से सामग्री से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद सामग्री उतरवाकर उसकी जांच की गई। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका मिलने पर टीम ने सामग्री जब्त कर ली और बस को सीज कर दिया।
खाद्य विभाग की टीम ने बरामद बर्फी, मिल्क केक, खोया और हींग के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इसके बाद टीम की मौजूदगी में बरामद खाद्य सामग्री को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य विनोद कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन, तेरई फाटक चौकी प्रभारी शिवजीत सिंह, कांस्टेबल उमाशंकर तिवारी, सोनू विश्वकर्मा, शिववीर सिंह, सतेंद्र सिंह, राम आसरे, अमनदीप और लतीफ मौजूद रहे।
22 क्विंटल खाद्य सामग्री बरामद
टीम के अनुसार, बस से करीब 15 क्विंटल मिल्क केक व स्पेशल बर्फी, छह क्विंटल खोया और 50 किलोग्राम हींग बरामद हुई। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये आंकी गई है।