जोधपुर में रविवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। लगातार घंटों तक हुई बरसात के कारण शहर की अधिकांश सड़कों पर जलभराव हो गया और हालात ऐसे बने कि सड़के दरिया जैसी नजर आईं। यातायात जगह-जगह पर ठप रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के कई इलाकों में जलभराव
जानकारी के मुताबिक, पावटा, रातानाडा, बनाड़ रोड, शिकारगढ़, जालोरी गेट, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और सूरसागर सहित कई इलाकों में बारिश का पानी भर गया। इन इलाकों की सड़कें नदी जैसी बन गईं। सबसे अधिक खराब स्थिति बनाड़ रोड पर देखने को मिली, जहां एक फीट से ज्यादा पानी जमा हो गया। गणेश होटल से लेकर नांदड़ी तक वाहन रेंगते हुए चलते दिखे। वहीं, नाले के निर्माण कार्य के चलते सड़क पर और ज्यादा परेशानी हो गई। जलनिकासी के लिए जगह-जगह मड पंप लगाए गए।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: ‘धर्मांतरण करने वाले SC/ST से आरक्षण छीनना चाहिए’, बोले किरोड़ी मीणा; SI भर्ती परीक्षा पर क्या कहा?
ग्रामीण क्षेत्रों में भी जमकर बरसे बादल
जोधपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में भी तेज बारिश हुई। तिवारी, मथानिया और लूणी इलाके में पानी भर गया। लूणी रेलवे अंडर ब्रिज में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, तिवारी और मथानिया में खेतों में पानी भरने से किसान चिंतित नजर आए।
वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
भारी बारिश और जलधारा के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। कई जगह बाइकें पानी में बंद हो गईं और लोग उन्हें धकेलते नजर आए। कुछ जगह चारपहिया वाहन भी पानी में फंस गए, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- Sikar News: भारी बारिश से भरे पानी में जान दांव पर लगाकर काम किया डिलीवरी बॉय ने, वीडियो आया सामने
स्कूलों में अवकाश घोषित
लगातार हुई बारिश और जलभराव के कारण सोमवार को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई। शुरुआत में कई स्कूलों ने अपने स्तर पर अवकाश घोषित किया, इसके बाद जिला प्रशासन ने भी आधिकारिक रूप से अवकाश की घोषणा कर दी।