भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र के आगूंचा गांव में सोमवार सुबह विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि वाहन का इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा, जबकि चेचिस और टायर दूर-दूर तक बिखर गए। धमाके के प्रभाव से आसपास के मकानों के शीशे टूट गए और कुछ दीवारों में दरारें आ गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
श्मशान मार्ग स्थित बाड़े में हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, आगूंचा गांव में श्मशान मार्ग स्थित रामदेव खटीक के बाड़े में विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप खड़ी थी। सोमवार सुबह अचानक हुए धमाके से पिकअप के परखच्चे उड़ गए। बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और वाहन के हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास किए।
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप का इंजन वाहन से अलग होकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ घरों की दीवारों में दरारें आने की भी जानकारी सामने आई है।
आपदा प्रबंधन टीम को मलबे में मिली नकदी
घटना की सूचना पर हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की आपदा प्रबंधन टीम भी मौके पर पहुंची। हुरड़ा तहसीलदार रविंद्र सिंह चैहान और गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। राहत एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई के दौरान मलबे में काफी मात्रा में नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पिकअप में किस प्रकार की विस्फोटक सामग्री थी और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पिकअप बाड़े तक कैसे पहुंची और वहां उसे खड़ा करने का उद्देश्य क्या था।
बूंदी निवासी चालक की मौत
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार (35) की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। विस्फोट के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ये भी पढ़ें- पैरा एशियन गेम्स: राजस्थान की मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड, अवनी लेखरा ने लाया सिल्वर; रचा इतिहास
फॉरेंसिक जांच से खुलेगा धमाके का राज
विस्फोट के कारणों और वाहन में रखी सामग्री की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि विस्फोट किस वजह से हुआ, पिकअप में किस तरह की सामग्री रखी थी और उसका परिवहन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था। फिलहाल धमाके के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही विस्फोट की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।