नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया के बीच बाड़मेर शहर के वार्ड संख्या 13 के मतदान बूथ के बाहर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। प्रत्याशी द्वारा मोबाइल अंदर ले जाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कांग्रेस नेता का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी की ओर से उसे देख लेने की धमकी दी गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। विवाद बढ़ता देख पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को मौके से हटाकर मामले को शांत करवाया।
निकाय चुनाव की हॉट सीट में शामिल वार्ड संख्या 13 के मतदान बूथ पर बवाल देखने को मिला। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने पूरे मामले को शांत करवा दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे अपने करीबियों के आगे खड़े थे, बावजूद इसके पुलिस ने मनमाने तरीके से उन्हें वहां से हटा दिया।
कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाया धमकी देने का आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र जैन ने बताया कि हम लोग बैठे थे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे लोगों ने उन्हें देख लेने की धमकी दी। ऐसे में मुझे अपनी जान का खतरा है। उन्होंने कहा कि दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करें।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान निकाय चुनाव: छोटे कस्बों में वोटिंग का तूफान, सीकरी में 81.28 प्रतिशत मतदान
भाजपा प्रत्याशी ने आरोपों से किया इनकार
भाजपा प्रत्याशी कैलाश कोटडिया ने बताया कि हम लोग तो बूथ के अंदर बैठे थे। बाहर कोई छोटी-मोटी घटना हुई होगी, बाकी कोई बड़ा मामला नहीं है। उन्होंने मोबाइल अंदर ले जाने की बात से इनकार किया। उन्होंने भी सभी से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की।
पुलिस ने भीड़ को हटाया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने मौके से हटा दिया। पुलिस की ओर से पर्याप्त जाप्ता मतदान केंद्रों पर लगाया गया है। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है।