सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन सिंह उर्फ मैड संधू की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मृतक के पिता और पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने भावुक होकर कहा कि उनके बेटे का आखिर क्या कसूर था। भूपिंदर सिंह के अनुसार, मधुसूदन परिवार का मुख्य सहारा था और सोशल मीडिया पर ‘मैड संधू’ के नाम से उसकी पहचान थी। वह जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई, राशन और इलाज में मदद करने के साथ मेडिकल व रक्तदान शिविर भी लगवाता था। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद और गुरुद्वारों में सेवा के कामों में भी वह सक्रिय रहता था। परिवार के मुताबिक, मधुसूदन को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसकी जानकारी गृह विभाग, CID, इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस को दिए जाने का दावा किया गया। परिवार ने सुरक्षा के लिए गनमैन की मांग भी की थी। पिता का आरोप है कि समय पर सुरक्षा मिलती तो शायद उनका बेटा आज जिंदा होता।मधुसूदन ने एक सैलून भी शुरू किया था, जहां कई लोग काम करते थे। उसकी हत्या के बाद सैलून बंद होने से वहां काम करने वाले लोग भी बेरोजगार हो गए हैं। वहीं, जिन जरूरतमंद परिवारों की वह मदद करता था, उनकी सहायता भी रुक गई है। भूपिंदर सिंह ने पुलिस से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पंजाब सरकार से छोटे बेटे अर्शदीप सिंह को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी देने की भी अपील की है। परिवार ने सरकार की ओर से अब तक किसी प्रतिनिधि के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त नहीं करने पर नाराजगी जताई है।