महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह के द्वार से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की और फिर नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से उनका पूजन संपन्न कराया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का ध्यान किया। मंदिर के पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। शिंदे ने सभामंडप में विराजित भगवान वीरभद्र के भी दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष कलवाड़िया ने उन्हें प्रसाद भेंट किया और दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। पूजा के बाद शिंदे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बाबा महाकालेश्वर के दर्शन कर उन्हें एक अनोखा सुकून और आनंद मिला है। उन्होंने कहा यहां लाखों-करोड़ों लोग श्रद्धा और भक्ति के साथ आते हैं और दर्शन कर खुशी से लौटते हैं। यहां आकर एक नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।
शिंदे ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र की जनता की समृद्धि और खुशहाली के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूं कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद महाराष्ट्र के सभी किसानों और लोगों पर बना रहे। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी प्रार्थना की और कहा कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमेशा उन पर बना रहे, ताकि वे भारत को दुनिया में और आगे ले जाने के अपने प्रयासों में सफल हों। इस दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ महाराष्ट्र के कई लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन का लाभ लिया।