खेत में लहलहाती धान की फसल देखकर जिस किसान को अच्छी पैदावार और आर्थिक मजबूती उम्मीद थी, आज वही खेत उसकी चिंता और बेबसी की कहानी बयां कर रहा है। 120 दिन में फसल तैयार होने का भरोसा देकर बेचे गए प्रमाणित बीज से 140 दिन बाद भी धान की बालियां नहीं निकलीं। 300 किलो बीज, 15 हजार रुपये की खरीद और महीनों की मेहनत के बावजूद खेत में फसल बांझ जैसी खड़ी है। अब किसान के सामने खरीफ की पूरी उपज गंवाने के साथ रबी की बोवनी प्रभावित होने का खतरा भी मंडरा रहा है। मामला रेहटी तहसील के ग्राम गेंहूंखेड़ा का है, जहां IFFDC कंपनी की MTU-7029 किस्म के बीज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। किसान ने कृषि मंत्री तक शिकायत पहुंचाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और नुकसान के मुआवजे की मांग की है।
पूरी मेहनत पर फिरा पानी
ग्राम गेंहूंखेड़ा निवासी किसान ओमप्रकाश चौहान ने 22 जून को रेहटी स्थित चौहान कृषि सेवा केंद्र से IFFDC कंपनी की MTU-7029 किस्म का 300 किलो धान बीज खरीदा था। इसके लिए किसान ने 15 हजार रुपये चुकाए। बीज खरीद का बिल क्रमांक 129 भी उसके पास मौजूद है। किसान का कहना है कि दुकानदार ने इस किस्म की जानकारी देते हुए करीब 120 दिन में फसल तैयार होने का भरोसा दिलाया था। इसी आधार पर उसने खेत में बोवनी की और फसल से बेहतर उत्पादन की उम्मीद लगाई।
पैकेट पर प्रमाणित बीज का दावा
किसान के पास मौजूद बीज पैकेट पर कंपनी का नाम IFFDC और किस्म MTU-7029 दर्ज है। पैकेट पर इसे Certified Seed यानी प्रमाणित बीज बताया गया है। इसकी पैकिंग मई 2026 में हुई थी। प्रत्येक पैकेट का वजन 30 किलो और अधिकतम विक्रय मूल्य 1950 रुपये अंकित है। पैकेट पर लॉट नंबर RNV-25-12-194-43 भी दर्ज है। अब यही लॉट नंबर जांच के लिहाज से अहम हो सकता है। सवाल यह है कि प्रमाणित बीज के दावे के बावजूद फसल में बालियां नहीं आने की स्थिति क्यों बनी?
140 दिन बाद भी खेत में बालियों का इंतजार
किसान ओमप्रकाश चौहान के मुताबिक बीज की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी फसल में बालियां नहीं आईं। 140 दिन से अधिक समय गुजरने के बावजूद खेत में धान की फसल बिना बालियों के खड़ी है। किसान का आरोप है कि बीज खरीदते समय जो भरोसा दिया गया था, वह पूरी तरह गलत साबित हुआ। खाद, दवा, सिंचाई, मजदूरी और खेती की तैयारी पर किया गया खर्च भी अब डूबता नजर आ रहा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि खरीफ की फसल हाथ से निकलने के साथ रबी की बोवनी का समय भी प्रभावित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: रायसेन: पैरों पर चलकर आई थी अस्पताल, प्रसूता की मौत के बाद मचा बवाल, ड्यूटी डॉक्टर पर निजी प्रैक्टिस के आरोप
कंपनी का संपर्क नंबर भी बंद
किसान का आरोप है कि उसने दुकानदार और कंपनी को फसल की स्थिति से अवगत कराया लेकिन करीब 20 दिनों से उसे जांच के नाम पर टालमटोल किया जा रहा है। कंपनी का पक्ष जानने के लिए IFFDC से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन उपलब्ध संपर्क नंबर बंद मिला। ऐसे में कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब किसान को इंतजार है कि उसकी शिकायत पर वास्तव में कार्रवाई कब होगी।
तकनीकी जांच से खुलेगा राज
फसल में बालियां नहीं आने के पीछे बीज की गुणवत्ता, किस्म की परिपक्वता अवधि अथवा अन्य कृषि संबंधी कारण हो सकते हैं। इसलिए केवल आरोपों के आधार पर बीज को नकली या खराब घोषित करना उचित नहीं होगा। कृषि विशेषज्ञों की निगरानी में खेत का निरीक्षण, बीज के नमूने, लॉट नंबर और कंपनी के रिकॉर्ड की जांच जरूरी है। निष्पक्ष परीक्षण से ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा और जिम्मेदारी तय हो पाएगी।
कृषि विभाग ने लिया संज्ञान
कृषि विभाग बुधनी के ASDO सुभाष मालवीय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। संबंधित बीज कंपनी और दुकानदार से बातचीत की गई है। फसल में बालियां नहीं आने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी। बीज की गुणवत्ता और खेत में फसल की वास्तविक स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी और प्रभावित किसान की पूरी मदद की जाएगी।
कृषि मंत्री तक पहुंचा मामला
किसान ओमप्रकाश चौहान ने कृषि मंत्री के नाम तहसीलदार रेहटी के माध्यम से आवेदन सौंपा है। इसमें IFFDC कंपनी के MTU-7029 धान बीज की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और फसल खराब होने से हुए आर्थिक नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि कृषि विभाग के प्रमुख सचिव, कलेक्टर सीहोर और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बुधनी को भी भेजी गई है।