महू-नीमच हाईवे पर रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में पल्दूना फंटे के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। कार के पलटते ही उसमें आग लग गई। कार में सवार पांचों लोग समय रहते बाहर निकल गए। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, धार जिले के पीथमपुर से कार क्रमांक एमपी-09-सीपी-1145 में सचिन, सोनरजीत यादव, अनुपम केशरवानी, प्रिंस सिंह और एक अन्य व्यक्ति सवार होकर रतलाम होते हुए चित्तौड़गढ़ जिले स्थित सांवरियाजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे वे पल्दूना फंटे से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई।
पढ़ें: विदाई से पहले फिर सक्रिय होगा मानसून: एमपी में अगले 4 दिन बारिश, जानें प्रदेश के किस शहर में ज्यादा रहेगा असर
कार के पलटते ही जोरदार आवाज हुई और उसमें आग लग गई। आग फैलने से पहले ही पांचों लोग कार से बाहर निकल गए। इसके बाद देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। नामली थाना प्रभारी अमित कोरी सहित पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और पांचों घायलों को नामली के सरकारी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।
हादसे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पल्दूना फंटे के पास बने स्पीड ब्रेकर को देखकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया होगा, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।